मध्यप्रदेश के सुंदरतम हिल स्टेशनों में शुमार पचमढ़ी अब राज्य की राजनीति और विकास की दिशा तय करने का केंद्र बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार, 3 जून को पचमढ़ी के राजभवन में राज्य मंत्रिमंडल की पहली विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। इस ऐतिहासिक बैठक के लिए पचमढ़ी को तीन लेयर सुरक्षा, ड्रोन निगरानी और विशेष व्यवस्थाओं से सजाया गया है।
विकास की नई राह: 21 करोड़ की योजनाओं का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस मौके पर पर्यटन को लेकर 21.39 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 6 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही 12.49 करोड़ की लागत से तैयार हो चुकी 5 योजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। इनमें पिंक टॉयलेट लाउंज, स्वीमिंग पूल, पॉलिथिन मुक्त पचमढ़ी, धूपगढ़ पाइपलाइन, पाथवे डेवलपमेंट जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं।
हाई अलर्ट पर पचमढ़ी, ट्रैफिक में बदलाव
सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पचमढ़ी में पहली बार हो रही इस मंत्रिमंडलीय बैठक के लिए 350 से अधिक विशेष बल तैनात किए गए हैं। आम लोगों के लिए ट्रैफिक पैटर्न में बदलाव किया गया है और वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। राजभवन के आसपास सुरक्षा घेरे को और मजबूत किया गया है।
पर्यटन, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण की दिशा में ठोस कदम
यह बैठक सिर्फ प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं बल्कि राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को ज़मीन पर उतारने का एक मजबूत संकेत है। महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं के जरिए सरकार अपने विज़न को मूर्त रूप दे रही है।