
मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना चरथावल की पुलिस टीम ने मंगलवार 13 अक्टूबर की रात को कुल्हेड़ी गांव में हुई मुंतलिव की हत्या का खुलासा करते हुए दो हत्यारोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपियों ने मृतक को बात करने के बहाने बुलाया था, लेकिन पुरानी कहासुनी की रंजिश के चलते सिर में लोहे का बाट मार कर उसकी हत्या कर दी और शव को दुकान में छिपा दिया था।
चरथावल पुलिस द्वारा दोनों हत्यारोपियों की गिरफ्तारी किए जाने के संबंध में पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने सीओ सदर डा. रवि शंकर मिश्रा के साथ कुल्हेड़ी में हुई मुंतलिब की हत्या का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 13 अक्तूबर की रात को चरथावल थाना क्षेत्र के ग्राम कुल्हेड़ी में मुंतलिव की दो लोगों द्वारा अपनी दुकान में बातचीत के बहाने बुलाकर हत्या कर दी गई थी। घटनास्थल से साक्ष्यों का संकलन करने के वाद चरथावल के प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा गांव में की गई तहकीकात के बाद हत्या के आरोप में पुलिस ने 24 घंटे में सहमान निवासी कुल्हेडी और उसके दोस्त साजिद को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त गमछा और लोहे का वाट बरामद कर लिया है।
एसपी सिटी ने बताया कि मुंतलिव और सहमान के बीच कई वजह से रंजिश चल रही थी। पिछले दिनों दोनों के वाहनों में आपस में साइड भी लग गई थी जिस कारण दोनों के बीच बहस हुई थी हत्या की घटना से पूर्व 13 अक्टूबर की रात मुंतलिब नमाज पढ़कर लौट रहा था। उसी दौरान सहमान ने फोन कर उसे अपनी दुकान पर बातचीत करने के लिए बुलाया था। बातचीत के दौरान सहमान ने अपने दोस्त साजिद के साथ गमछे से गला घोंटते हुए उसके सिर और मुंह पर लोहे के बाट से प्रहार किया था। बाद में खून न बहे इसलिए उसका मुंह बेसन से भरे कट्टे में डाल दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने दोनों हत्यारोपियें को जेल भेज दिया है।