कानपुर की मंधना चौकी के सामने मंगलवार दोपहर एक महिला ने उस समय हाईवोल्टेज ड्रामा कर दिया, जब वह पति से विवाद के बाद गुस्से में रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गई. जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई. जैसे ही मालगाड़ी आती दिखी, वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. लेकिन महिला के पति ने बहादुरी और तत्परता दिखाते हुए उसे ट्रैक से खींच लिया, जिससे उसकी जान बच गई.
क्या है पूरा मामला?
यह मामला बिठूर थाना क्षेत्र के एक गांव का है. सोमवार रात पड़ोस में एक जन्मदिन समारोह के दौरान डीजे बज रहा था, जिसमें महिला ने अन्य महिलाओं के साथ काफी देर तक डांस किया. कुछ देर बाद उसका पति भी वहां पहुंचा और डीजे पर डांस करने लगा.
इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने पुलिस को कॉल कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को मंधना चौकी ले जाकर पूछताछ की.
दोबारा नाराज़ हो कर ट्रैक पर लेटी महिला
मंगलवार दोपहर को दोनों के बीच सुलह हो गई, लेकिन चौकी के बाहर निकलते ही फिर से दोनों में बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते महिला गुस्से में आकर चौकी के सामने रेलवे ट्रैक पर जाकर लेट गई. स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी जब तक कुछ समझ पाते, ट्रैक पर मालगाड़ी आती दिखी. इस पर महिला का पति तुरंत दौड़ा और ऐन मौके पर उसे ट्रैक से खींचकर बाहर ले आया.
पति ने समोसे खिलाकर मनाया
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को शांत किया और समझा-बुझाकर घर भेज दिया. बाद में पति ने पत्नी को समोसे खिलाकर मनाया और घर ले गया.
स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बनी घटना
इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा. लोगों ने कहा कि आपसी झगड़ों को इस हद तक नहीं ले जाना चाहिए कि जान पर बन आए. पुलिस ने भी सभी को सलाह दी कि घरेलू विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जाए.