
Umar Borkan al gala : दुनिया में कई बार कुछ ऐसी खबरें सामने आती हैं, जो सुनने में अजीब लगती हैं लेकिन इतनी दिलचस्प होती हैं कि हर कोई उसके पीछे की हकीकत जानना चाहता है. ऐसी ही एक खबर 2013 में दुनिया भर में वायरल हुई थी, जब यह दावा किया गया कि "एक शख्स को उसकी ज्यादा खूबसूरती के कारण देश से निकाल दिया गया." इस व्यक्ति का नाम था उमर बोरकन अल गाला (Omar Borkan Al Gala). सोशल मीडिया और न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर जंगल में आग की तरह फैली और लोग हैरान रह गए कि क्या वाकई किसी को उसके सुंदर दिखने के कारण निर्वासित किया जा सकता है?
उमर बोरकन अल गाला एक इराक़ी मूल के मॉडल, फोटोग्राफर और अभिनेता हैं, जो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में पले-बढ़े। यह घटना उस वक्त की है जब उमर सऊदी अरब में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे थे. कहा जाता है कि उमर और उनके कुछ साथी वहां के एक फेस्टिवल में शामिल हो रहे थे, तभी धार्मिक पुलिस ने उन्हें कार्यक्रम स्थल से हटने के लिए कहा. रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्हें यह कहते हुए रोका गया कि उनकी "बहुत ज़्यादा आकर्षक शक्ल और व्यक्तित्व" महिलाओं के लिए ध्यान भटकाने का कारण बन सकता है, और इससे समाज में "अशांति" फैल सकती है.
हालाँकि सऊदी अरब सरकार ने कभी भी आधिकारिक रूप से यह नहीं स्वीकारा कि उमर को उनकी खूबसूरती के कारण निकाला गया था. लेकिन इस खबर ने मीडिया में जबरदस्त सुर्खियाँ बटोरीं. कुछ रिपोर्ट्स यह भी बताती हैं कि असल कारण धार्मिक नियमों का उल्लंघन या बिना अनुमति के कार्यक्रम में भाग लेना था, लेकिन लोगों ने इस घटना को "ज्यादा सुंदर दिखने की सज़ा" के रूप में ही देखा.
इस घटना के बाद उमर बोरकन अल गाला रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बन गए। सोशल मीडिया पर उनके फॉलोअर्स की संख्या लाखों में पहुँच गई और उन्हें दुनिया के "सबसे हैंडसम आदमी" के रूप में पहचान मिलने लगी. उन्होंने कई इंटरव्यू में इस बात पर चुटकी भी ली कि अगर खूबसूरती वाकई गुनाह होती, तो वे शायद आज़ाद न रह पाते.
यह घटना चाहे जितनी भी विवादास्पद रही हो, लेकिन एक बात तो तय है — उमर बोरकन अल गाला का नाम हमेशा इस अनोखी और रहस्यमयी कहानी के साथ जुड़ा रहेगा, जो बताती है कि कभी-कभी सुंदरता भी परेशानी का सबब बन सकती है.