
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के करोड़ों किसानों को आर्थिक मदद देने वाली एक महत्वपूर्ण सरकारी योजना है. इस स्कीम की शुरुआत साल 2019 में हुई थीऔर इसका उद्देश्य है किसानों की आमदनी में स्थिरता लाना और उन्हें खेती से जुड़ी ज़रूरतों के लिए मदद देना.
हर साल मिलते हैं 6,000 रुपये
इस योजना के तहत सरकार किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है. यह पैसा तीन बराबर किस्तों में यानी हर चार महीने में 2,000 रुपये किसानों के बैंक खाते में डायरेक्ट ट्रांसफर किया जाता है.
अब तक मिल चुकी हैं 19 किस्तें
अब तक सरकार 19 किस्तें जारी कर चुकी हैं.19वीं किस्त फरवरी 2025 में किसानों के खाते में डाली गई थी.लेकिन इसके बाद से 20वीं किस्त को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है.करीब 5 महीने बीत चुके हैं, इसलिए अब किसान बेसब्री से अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं.
क्या रक्षाबंधन से पहले आएगी 20वीं किस्त?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केंद्र सरकार रक्षाबंधन से पहले ही पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त जारी कर सकती है.बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को अपने वाराणसी दौरे पर रहेंगे.उम्मीद जताई जा रही है कि वो उसी दिन यानी 2 अगस्त 2025 को 20वीं किस्त को जारी कर सकते हैं.हालांकि, सरकार की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है.
किसानों की उम्मीदें
किसानों को उम्मीद है कि सरकार रक्षाबंधन से पहले यह पैसा भेज देगी ताकि वो त्योहार पर कुछ जरूरी खर्च कर सकें और अपनी खेती से जुड़ी तैयारियां भी बेहतर तरीके से कर सकें.
किस्त का स्टेटस कैसे चेक करें?
अगर आप यह जानना चाहते हैं कि आपकी किस्त आई है या नहीं, तो आप https://www.pmkisan.gov.in पर जाकर "किस्त स्टेटस" चेक कर सकते हैं. इसके लिए केवल आपका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या आधार नंबर की जरूरत होगी.
इसके अलावा अगर किसी किसान को कोई समस्या हो तो वह इन नंबरों पर संपर्क कर सकता है:
PM Kisan हेल्पलाइन नंबर: 155261 या 011-24300606
फिलहाल आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन रक्षाबंधन (9 अगस्त 2025) से पहले 2 अगस्त को ही 20वीं किस्त जारी होने की प्रबल संभावना है. अगर आप इस योजना के लाभार्थी हैं, तो तैयार रहें, और किसी भी फर्जी वेबसाइट या मैसेज से बचें.