
एशिया कप 2025 में भारत-पाक मैच के शेड्यूल को लेकर विवाद जारी है। 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान का मैच प्रस्तावित है। लेकिन जैसे ही इस शेड्यूल का ऐलान हुआ, सोशल मीडिया पर बवाल हो गया और सरकार से मांग की जाने लगी की इस मुकाबले को रोक दे। एशिया कप 2025 का शेड्यूल सामने आते ही विवाद खड़ा हो गया है। 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला प्रस्तावित है, लेकिन जैसे ही इसकी घोषणा हुई, सोशल मीडिया पर विरोध की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि इस मैच को रद्द किया जाए। इसका कारण हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान समर्थित आतंकियों द्वारा किए गए हमले को बताया जा रहा है, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या भारत सरकार या खेल मंत्रालय इस मैच को रोक सकता है?
क्या खेल मंत्रालय रोक पाएगा मैच
सरकारी सूत्रों के अनुसार, खेल मंत्रालय इस मामले में सीधे तौर पर हस्तक्षेप नहीं कर सकता। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) एक स्वायत्त संस्था है और यह खेल मंत्रालय के नियंत्रण में नहीं आती, क्योंकि ‘नेशनल स्पोर्ट्स गवर्नेंस बिल’ अब तक संसद में पारित नहीं हुआ है। खेल मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंत्रालय की कोई आधिकारिक भूमिका नहीं है, लेकिन BCCI जनता की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं कर सकता।
BCCI पर परोक्ष दबाव संभव
इसका मतलब साफ है कि बीसीसीआई एक स्वायत्त संस्था है और वह सरकार के दखल के बिना अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र है। हालांकि, अगर देशभर में विरोध की भावना बढ़ती है तो बीसीसीआई पर परोक्ष दबाव जरूर बन सकता है। एशिया कप कोई आईसीसी टूर्नामेंट नहीं है, बल्कि इसका आयोजन एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) करती है। इस समय ACC की कमान पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी के पास है। भारत और पाकिस्तान की टीमें एशिया कप में 14 सितंबर को आमने-सामने होंगी। अगर दोनों टीमें आगे बढ़ती हैं, तो दो और मैच हो सकते हैं। इन मैचों से प्रसारकों (TV चैनलों) को करोड़ों रुपये की कमाई की उम्मीद है, क्योंकि इन मुकाबलों की विज्ञापन दरें सबसे ज्यादा होती हैं। सोनी नेटवर्क ने 8 साल के लिए ACC से 170 मिलियन डॉलर में प्रसारण अधिकार खरीदे हैं। अगर भारत-पाकिस्तान के मुकाबले नहीं होते,तो चैनल को भारी नुकसान होगा, जिससे ACC के बाकी सदस्य देशों की आमदनी भी घटेगी। इसका असर बीसीसीआई पर ज्यादा नहीं होगा, लेकिन छोटे देशों को फर्क पड़ेगा।
आखिरी फैसला BCCI के हाथ में
इस पूरे विवाद का सार यही है कि भारत-पाक मैच रोकने का अधिकार न खेल मंत्रालय के पास है और न ही सरकार के पास सीधे तौर पर। एशिया कप का आयोजन 9 सितंबर से लेकर 28 सितंबर तक यूएई में होना है। भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा गया है। यह टूर्नामेंट T20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जो ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियों के तहत तय किया गया है।