कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी शुक्रवार को भारत पहुंचे। यह उनका चार दिवसीय दौरा है। मुंबई पहुंचते ही मार्क कार्नी ने भारत को “दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था” बताया और ऐसे साझेदारी संबंध स्थापित करने की इच्छा जताई, जिससे कनाडा के कामगारों और व्यवसायों के लिए नए मौके खुलें। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कार्नी ने लिखा, “भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। अभी मैं मुंबई पहुंचा हूं। यहां मेरी व्यापारिक नेताओं से मुलाकात होगी। हम ऐसी साझेदारियां बनाएंगे जो कनाडाई कामगारों और व्यवसायों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेंगी।”
जयकुमार रावल ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया
प्रधानमंत्री कार्नी ने आगे कहा, महाराष्ट्र सरकार के प्रोटोकॉल और मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। भारत-कनाडा पार्टनरशिप साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, लोगों के बीच मजबूत संबंधों और अलग-अलग क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग पर आधारित है।
बतौर प्रधानमंत्री पहला भारत दौरा
कनाडाई पीएम कार्नी अपनी पत्नी डायना फॉक्स कार्नी के साथ अपने पहले आधिकारिक दौरे पर मुंबई पहुंचे। यह उनका बतौर प्रधानमंत्री पहला भारत दौरा है, जोकि 27 फरवरी से दो मार्च तक चलेगा। मुंबई पहुंचने पर महाराष्ट्र के प्रोटोकॉल और मार्केटिंग मंत्री जयकुमार रावल ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया।
यहां प्रधानमंत्री कार्नी मुंबई में व्यावसायिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे और भारतीय और कनाडाई सीईओ, उद्योग और वित्त विशेषज्ञों, नवप्रवर्तकों, शिक्षाविदों तथा भारत में स्थित कनाडाई पेंशन फंड के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।
संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम
विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, “भारत की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर मुंबई पहुंचे कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी का हार्दिक स्वागत है। यह यात्रा भारत-कनाडा संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।”
डेलीगेशन लेवल की बातचीत करेंगे
प्रधानमंत्री कार्नी मुंबई में अपना काम पूरा करने के बाद, कार्नी रविवार शाम को नई दिल्ली पहुंचेंगे। दो मार्च को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ डेलीगेशन लेवल की बातचीत करेंगे।