धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा मार्ग पर कैंटर चालक ने बाइक सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी। उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक व्यक्ति के पुत्र की तहरीर पर कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज मुकदमे में थाना कपूरपुर के गांव दहीरपुर रज्जाकपुर निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनके पिता किरणपाल दो फरवरी को बाइक से सवार होकर दिल्ली से आ रहे थे।
राहगीरों ने कैंटर चालक को पकड़ लिया
देहरा मार्ग पर पहुंचने पर कैंटर चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि पिता उछलकर सड़क पर आकर गिर पड़े और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर राहगीरों ने कैंटर चालक को पकड़ लिया, लेकिन वह चकमा देकर कैंटर को छोड़ कर मौके से फरार हो गया था।
पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई
पिता को सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उनको देवनंदनी के लिए रेफर कर दिया। तीन फरवरी की सुबह पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिलशाद चौधरी ने बताया कि कैंटर चालक को पकड़ने के लिए सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।