उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक हृदय विदारक सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की जिंदा जलकर मौत हो गई. हादसा इतना भयानक था कि देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई और उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया.
घटना जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के अनूपशहर-बुलंदशहर रोड पर स्थित गांव जानीपुर के पास हुई. जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सवार परिवार शादी समारोह से लौट रहा था. कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 5 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक लड़की गंभीर रूप से घायल हुई है.
शादी से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतकों की पहचान दिल्ली के मालवीय नगर निवासी तनवीर अहमद के रिश्तेदारों के रूप में हुई है. सभी लोग बदायूं के सहसवान स्थित गांव चमरपुरा में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे.
सुबह करीब 5:35 बजे स्विफ्ट कार एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में पुलिया से टकराकर खाई में गिर गई, जिससे कार में तुरंत भीषण आग लग गई.
जिंदा जल गए पांच लोग
हादसे में तनवीर अहमद की पत्नी मोमिना, बहनोई जुबेर, सलज निदा और बहनोई का ढाई साल का बेटा जैनुल जिंदा जलकर मौत के शिकार हो गए.
वहीं तनवीर अहमद की 17 वर्षीय बेटी गुलनाज इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई है और उसे तुरंत बुलंदशहर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
नींद या बाइक सवार को बचाने के चलते हादसा?
पुलिस अधीक्षक (देहात) डॉ. तेजवीर सिंह के मुताबिक, हादसे की वजह कार चालक को नींद की झपकी आना हो सकता है. हालांकि, परिजनों का कहना है कि कार एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में असंतुलित होकर पुलिया से टकराई और फिर खाई में जा गिरी.
मामले की जांच जारी
इस हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है. इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई है. हादसे की तस्वीरें और घटनाक्रम सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है.