Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-9 पर कुचेसर चौपला स्थित एक होटल के पास कार ने बाइक सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। अब मृतक के जीजा ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
कार ने बाइक को मारी टक्कर
जिला अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव छोया निवासी अनुज सैनी ने बाबूगढ़ थाने में दर्ज मुकदमे में बताया कि गांव सुल्तानगर जिला अमरोहा निवासी राजकुमार अपनी पत्नी कुसुम के साथ बाइक पर सवार होकर 31 जुलाई को हापुड़ से अपने घर लौट रहा था। जब बाइक सवार दंपति कुचेसर चौपला के पास स्थित बिस्मिल्लाह होटल के पास पहुंचा तो पीछे से आई एक कार ने दंपति के वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद दंपति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था।
बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई
घायल दंपति को नगर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने कुसुम को मृत घोषित कर दिया। जबकि राजकुमार की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस हादसे में बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नंबर के आधार पर उसके चालक की तलाश की जा रही है।