Bulandshahr News: बुलंदशहर के थाना गुलावठी कोतवाली क्षेत्र में कार से हुड़दंग और स्टंटबाज़ी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसने स्थानीय लोगों सहित प्रशासन की नींद उड़ा दी है। वायरल वीडियो में सेंट्रो कार से स्टंट करते हुए कुछ नवयुवक साफ़ नज़र आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज़ आवाज़ में म्यूज़िक बज रहा है और कार सवार युवक खिड़कियों के शीशों से बाहर निकलकर एक-दूसरे के गले में हाथ डाले हुए खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। वाहन चलाते समय यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं, जिससे सड़क पर चलने वाले राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ रही है।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे वीडियो रोज़ाना सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं, लेकिन आरटीओ और परिवहन विभाग कोई सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा। विभाग की घोर लापरवाही के चलते स्टंटबाज़ों के हौसले लगातार बुलंद बने हुए हैं। वायरल वीडियो थाना गुलावठी कोतवाली क्षेत्र के एमराल्ड फार्म हाउस और ब्लॉक के पास का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस वीडियो की जांच कर रही है और वाहन तथा स्टंट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है।
आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि इस रोड पर आए दिन ऐसी घटनाएं होती रहती है। कभी वाहन तेज रफ्तार से चलाए जाते है कभी ऐसे ही हरकते देखने को मिलती है। जिससे हमेशा डर बना रहता है। कई बार इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस को दी गई है लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नही हुई है।