गली के बाहर खेल रहे बच्चों पर चालक ने कार चढ़ा दी और 20 मीटर कर घसीटते ले गया। हादसे में दोनों बच्चे घायल हो गए। वारदात के बाद चालक भाग गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान कर ली है, जो मेडिकल थाने की अग्रसेन विहार कालोनी का है और किराये के मकान में रहता है। वीडियो फुटेज के आधार पर पुलिस चालक को गिरफ्तारी में जुट गई है।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस जांच में जुट गई
शनिवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो में वैगनआर घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर चढ़ती दिखाई दे रही है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस जांच में जुट गई। पहले वायर वीडियो को भावपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा था, लेकिन जांच के दौरान वायरल वीडियो मेडिकल थाना क्षेत्र की अग्रसेन विहार कालोनी का निकला। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शुक्रवार को अग्रसेन विहार निवासी छह साल की माही पड़ोसी बालक विवान के साथ घर के बाहर खेल रही थी।
इसी दौरान माही के घर में किराये पर रह रहे उमेश ने दोनों पर अपनी वैगनआर कार चढ़ा दी और दोनों बच्चों को 20 मीटर कर घसीता ले गया, लेकिन चालक ने कार नहीं रोकी। लोगों ने किसी तरह दोनों बच्चों को कार के नीचे से निकाला। हादसे में माही बेहोश हो गई। परिजन दोनों बच्चों को अस्पताल लेकर पहुंचे। माही की मां वर्षा ने बताया, बेटी एलकेजी में पढ़ती है। उसकी कमर, पीठ, हाथ, पैर और सिर में चोट आई है।
विवान चिल्लाता रहा, लेकिन नहीं रोकी कार
हादसे में घायल हुए विवान ने बताया, वह माही के साथ घर के बाहर खेल रहा था। तभी अंकल तेजी से कार लेकर आए और दोनों के ऊपर कार चढ़ी दी। वह कार रोकने के लिए चिल्लाता रहा पर अंकल ने कार नहीं रोकी। इसके बाद अंकल कार लेकर चले गए। पड़ोसी महिला तनु का कहना है कि इसी कार चालक ने दस दिन पहले एक कुत्ते पर भी कार चढ़ा दी थी। आरोपी चालक एक महीने पहले ही किराए पर रहने आया है। उन्होंने आरोपी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है...
वायरल वीडियो की जांच की गई तो वह मेडिकल थाने की अग्रसेन विहार कालोनी का पाया गया है। इस मामले में अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। बावजूद इसके पुलिस अपने स्तर पर कार चालक की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी चालक पर कार्रवाई की जाएगी।
-दीक्षा भौरिया, एएसपी एवं सीओ सिविल लाइन।