
CCSU Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के पंडित दीन दयाल उपाध्याय छात्रावास में पेट्रोल बम फोड़ने का वीडियो वायरल होने पर अज्ञात छात्रों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को पूछताछ के लिए छात्र सुमित को हिरासत में लिया। हालांकि पूछताछ के बाद शाम को सुमित को जमानत दे दी गई। लेकिन सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचान कर 6 छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित किया गया और 9 छात्रों को निलंबित कर दिया गया।
हॉस्टल में मची अफरा-तफरी
आपको बता दें कि शुक्रवार की देर रात हॉस्टल में छात्रों ने पेट्रोल बम बनाकर फोड़ा था। इसके बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई थी। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर किसी अन्य स्थान का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें पॉलीथीन में पेट्रोल भरकर बम फोड़ा गया था। सीसीएसयू के छात्रों ने भी पॉलीथीन में पेट्रोल भरकर उसी अंदाज में आग लगाकर धमाका किया। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि बम फोड़ने के बाद छात्र आग के आस-पास कूदते नजर आ रहे हैं, इसके साथ ही छात्र वंदेमातरम का नारा भी लगा रहे हैं।
विवि प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांगी की
घटना से नाराज कुछ छात्रों का कहना था की बाहर से पेट्रोल छात्रावास में कैसे पहुंचा। पेट्रोल बम से बड़ा हादसा भी हो सकता था। वहीं, इस मामले में छात्र नेता आदेश प्रधान, विनीत चपराना और अक्षय बैंसला ने विवि प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांगी की। उनका कहना है कि मामले में लिप्त छात्रों पर ही कार्रवाई होनी चाहिए, अगर निर्दोष छात्रों पर कार्रवाई होती है तो विरोध किया जाएगा। वहीं, विवि प्रशासन ने 200 छात्रों को नोटिस दिए थे। सीसीटीवी और विभिन्न माध्यमों से मिल रहे वीडियो में दिख रहे छात्रों की पहचान की जा रही है। अभी तक फिलहाल 6 छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित किया गया है और 9 छात्रों को निलंबित कर दिया गया है।