उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर दो साल पहले चर्चित रहे ज्योति मौर्य केस की याद दिला दी है. पिपराइच क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस से शिकायत कर अपनी पीड़ा साझा की है. युवक का आरोप है कि उसने पत्नी को पढ़ाने- लिखाने और उसे सरकारी नौकरी दिलाने के लिए सालों तक दुबई में मजदूरी की, लेकिन जब पत्नी का सपना पूरा हुआ तो उसने पति को ही ठुकरा दिया.
पति की मेहनत रंग लाई, लेकिन रिश्ता टूट गया
पीड़ित युवक ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह कई सालों तक दुबई में नौकरी करता रहा. इस दौरान उसने पत्नी की पढ़ाई और घर के खर्च के लिए लगातार पैसे भेजे. उसका सपना था कि पत्नी की सरकारी नौकरी लग जाए और वह खुद लौटकर गांव में व्यवसाय शुरू कर ले. कुछ साल पहले उसकी पत्नी को एक सरकारी विभाग में क्लर्क की नौकरी मिल गई. इसके बाद पति ने विदेश से लौटकर गांव में किराने की दुकान खोल ली.
प्यार में पड़ गई पत्नी, छोड़ दिया घर
पति का आरोप है कि नौकरी लगने के कुछ समय बाद पत्नी की नजदीकियां एक अन्य युवक से बढ़ गईं. फिर एक दिन वह अचानक घर छोड़कर चली गई. उनके 14 साल के बेटे की भी चिंता नहीं की. इतना ही नहीं पति द्वारा पत्नी के नाम से खरीदी गई जमीन को भी उसने बेच दिया.
सास-ससुर से की मारपीट
पति का आरोप है कि एक दिन पत्नी अचानक दुकान पर आई और सास-ससुर से मारपीट की. इसके बाद उसने स्पष्ट कहा कि वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती और तलाक लेना चाहती है. कुछ दिन बाद उसने कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी. इस पूरे घटनाक्रम से पीड़ित युवक मानसिक रूप से टूट चुका है और अब न्याय की गुहार लगा रहा है.
पुलिस ने शुरू की जांच
मामला सामने आने के बाद पीड़ित की शिकायत पर एसपी नॉर्थ ने सीओ चौरी चौरा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. फिलहाल पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है.
ज्योति मौर्य केस से मिलती-जुलती कहानी
यह मामला काफी हद तक बहुचर्चित ज्योति मौर्य केस से मेल खाता है, जिसमें एक महिला अधिकारी पर आरोप लगा था कि सरकारी अधिकारी बनने के बाद उसने अपने चपरासी पति को छोड़ दिया था. गोरखपुर का यह ताजा मामला भी उसी तरह की कथित बेवफाई और परिवारिक विघटन की एक और कहानी बयां कर रहा है.