
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के केस में तीस हजारी कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी राजेश खिमजी सकारिया ने सीएम रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के वक्त हमला किया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने आरोपी राजेश खिमजी सकारिया और उसके साथ तहसीन सैय्यद को कड़ी सुरक्षा के सोमवार को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में पेश किया। यहां अदालत ने मुख्य आरोपी राजेश खिमजी सकारिया और उसके साथी तहसीन सैय्यद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
चाकू सिविल लाइंस इलाके में फेंक दिया
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने उस चाकू को बरामद किया है, जिसे आरोपी राजेश सीएम रेखा गुप्ता के आवास पर लेकर गया था। उस दौरान उसने सुरक्षा के कड़े इंतजाम को देखकर चाकू को सिविल लाइंस इलाके में फेंक दिया। मुख्य आरोपी राजेश खिमजी सकारिया और उसके सहयोगी तहसीन सैय्यद ने पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे किए थे। दिल्ली पुलिस के अनुसार, राजेश ने हमले के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बाहर एक सब्जी की रेहड़ी से चाकू को लिया था, पर बाद में उसने सिविल लाइंस इलाके में फेंक दिया।
आमने-सामने बैठाकर की पूछताछ
इस दौरान दिल्ली पुलिस ने आरोपी राजेश को गुजराती भवन भी लेकर गई। यहां वह रात में रूका था। इसके साथ पुलिस राजेश को उन दोनों जगह पर लेकर गई। यहां से उसने चाकू उठाया था और उसके बाद हमले से पहले उसे फेंक दिया था। ऐसा बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने तहसीन और राजेश को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। राजेश ने तहसीन से कहा था, कुछ बड़ा करना होगा और यह भी बताया था कि जो रास्ते में आएगा, उसे नहीं छोड़ूंगा। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जांच मे सामने आया है कि राजेश और तहसीन दोनों डॉग लवर हैं और लगातार संपर्क में थे।