
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक पर हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराने और दुबई भेजने की साजिश का आरोप लगा है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी आरिफ को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
कैसे खुला मामला?
थाना चांदपुर के मूर्ति चौक पर गैस चूल्हा मरम्मत की दुकान चलाने वाला आरिफ पहले से शादीशुदा है. वह लंबे समय से हिंदू लड़कियों को अपने झांसे में लेकर धर्म परिवर्तन कराने का काम कर रहा था. आरिफ की साजिश तब उजागर हुई, जब एक लड़की के पिता को उसकी गतिविधियों की भनक लगी. उन्होंने पुलिस में शिकायत दी. इसके बाद स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों ने थाने का घेराव कर आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की.
मोबाइल से मिलीं चौंकाने वाली जानकारियां
एसपी देहात विनय कुमार सिंह के अनुसार, जब पुलिस ने आरिफ का मोबाइल खंगाला, तो उसमें सैकड़ों हिंदू लड़कियों और महिलाओं की तस्वीरें मिलीं. इनमें कई तस्वीरें ऐसी थीं जो छिपकर ली गई थीं, जैसे सड़क पर चलती महिलाएं. पुलिस अब जांच कर रही है कि इन तस्वीरों का क्या उपयोग किया जाना था. कहीं अश्लील कंटेंट बनाना, ब्लैकमेलिंग, मानव तस्करी या फिर कोई सुनियोजित लव जिहाद रैकेट तो इसके पीछे नहीं है.
प्रेम जाल और धर्मांतरण की साजिश
पूछताछ में आरिफ ने माना है कि वह लड़कियों को पहले प्रेम जाल में फंसाता फिर उनकी तस्वीरों और भावनाओं का इस्तेमाल कर ब्लैकमेल करता और बाद में धर्म परिवर्तन कराकर दुबई भेजने की कोशिश करता था. पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरिफ के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है.
पुलिस से संबंधों पर उठे सवाल
इस मामले में एक और विवाद जुड़ गया है. सोशल मीडिया पर एक तस्वीर वायरल हो रही है, जिसमें आरिफ और उसके परिवार के सदस्य पुलिस अधिकारियों के साथ नजर आ रहे हैं. यह फोटो पूर्व थाना अध्यक्ष पुष्कर मेहरा और नगर इंचार्ज के साथ की बताई जा रही है. इससे पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं.
मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. आरोपी का मोबाइल फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और उसके नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है. पुलिस की दो टीमें इस केस की तह तक जाने की कोशिश कर रही हैं. वहीं, आरोपी का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है.