दिल्ली-दून हाईवे कांवड़ मार्ग पर दशरथपुर के पास कांवड़ियों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट के बाद पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस घटना से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में भी जुट गई है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से मिली जानकारी के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश
पुलिस के अनुसार घटना के बाद कांवड़ मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों और कांवड़ियों के भेष में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी जारी है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।
धक्का-मुक्की और मारपीट की गई
रविवार देर रात साइड लगने के विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट हो गई थी। बीच-बचाव करने पहुंचे कांवड़ियों के भेष में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई थी। इसके बाद पुलिस ने मौके से बाइक और स्कूटी सीज कर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही
पुलिस अब घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कांवड़ मार्ग पर लगातार गश्त बढ़ा दी गई है और श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें। सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति द्वारा उपद्रव या कानून व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।