
कन्नौज में आज ऐसा नजारा देखने को मिला कि जिसने सबको हैरान कर दिया है, क्योंकि ये तस्वीर किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं थी, दरअसल अखिलेश के करीबी कहे जाने वाले सपा नेता कैश खान, जिन्हें कुछ समय पहले डीएम के आदेश पर जिले से बाहर किया गया था, वो चोरी-छुपे अपने घर लौट आए और दावत का आयोजन कर रहे थे लेकिन उनके खिलाफ मुखबिर ने पुलिस को सबूतों के साथ जानकारी दे दी. जिसके बाद पुलिस ने जो किया वो अब वायरल हो रहा है
'भैया तो घर पर नहीं हैं, बाहर गए हैं, लेकिन'
बता दें सूचना मिलते ही पुलिस ने बालापीर मोहल्ले में तेजी से धावा बोला. घर में घुसते ही कैश खान का छोटा भाई पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगा, कहकर कि भैया तो घर पर नहीं हैं, बाहर गए हैं. हालांकि, पुलिस ने हर कमरे की जांच शुरू कर दी. आखिरकार, कैश खान को एक कमरे के मचान में फोम के गद्दों में छिपा पाया गया. बिना देर किए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जाता है कि कैश खान पूर्व सीएम अखिलेश यादव के करीबियों में शुमार हैं. 25 जुलाई को अखिलेश यादव के कन्नौज दौरे के दौरान बालापीर मोहल्ले में उनका घर भी दौरा हुआ था. तीन दिन बाद ही जिला बदर का आदेश जारी किया गया था. पुलिस ने उसे सरकारी गाड़ी में बैठाकर कानपुर बॉर्डर तक छोड़ दिया था और 6 महीने तक जिले में न आने की सख्त हिदायत दी गई थी.
कैश खान का मचान छुपा ‘सीन’ वायरल
छापे के दौरान पुलिस ने बताया कि कैश खान का छोटा भाई झूठ बोलकर पुलिस को भटकाने की कोशिश कर रहा था. तलाशी के दौरान ही कैश खान फोम के गद्दों के नीचे मचान पर छिपा मिला. पुलिस ने दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया. एसपी कन्नौज विनोद कुमार ने बताया कि कैश खान के खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं. अब पुलिस ने उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस कार्रवाई के बाद जिले में कानून व्यवस्था की सख्ती का संदेश भी गया. कैश खान का मचान छुपा ‘सीन’ और गिरफ्तार होना स्थानीय लोगों के लिए चौंकाने वाला रहा. साथ ही, ये घटना ये भी दिखाती है कि जिला प्रशासन और पुलिस किसी भी उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं कर रही.