Chest Burning Causes: खाना खाने के बाद सीने या गले में जलन होना एक बहुत ही आम समस्या है। अक्सर लोग इसे साधारण गैस या एसिडिटी मानकर टाल देते हैं। लेकिन अगर आपको भी भोजन करने के कुछ देर बाद सीने के बीचों-बीच तेज जलन या असहजता महसूस होती है, तो यह एसिड रिफ्लक्स या हार्टबर्न का संकेत हो सकता है।
क्यों होती है सीने में जलन?
बता दें कि हमारे पेट और भोजन नली के बीच एक मांसपेशी होती है, जो वाल्व की तरह काम करती है। जब हम खाना खाते हैं, तो यह वाल्व खुलता है और फिर बंद हो जाता है। लेकिन जब यह वाल्व ठीक से बंद नहीं हो पाता या ढीला पड़ जाता है, तो पेट में मौजूद एसिड ऊपर भोजन नली की तरफ आने लगता है। भोजन नली की अंदरूनी परत एसिड के लिए बहुत संवेदनशील होती है, जिससे सीने में जलन, मुंह में खट्टा स्वाद, गले में खराश और बार-बार डकार आने जैसी समस्याएं होती है।
ये आदतें बढ़ा सकती है समस्या
आपके खाने की कुछ आदतें भी जलन को बढ़ा सकती है। बहुत ज्यादा मसालेदार और तला-भुना भोजन पेट में एसिड का उत्पादन को बढ़ा देता है। साथ ही अधिक मात्रा में एक साथ खा लेने से पेट पर दबाव पड़ता है, जिससे एसिड ऊपर आने लगता है। इसके अलावा चाय-कॉफी, चॉकलेट, कार्बोनेटेड ड्रिंक्स का सेवन करने वाले लोगों में भी यह होता है। हालांकि हर व्यक्ति के साथ यह समस्या नहीं होती है।
यह भी पढ़ें: 3,000 की दवा 27,000 में क्यों? कैंसर दवाओं के भारी मार्जिन पर सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पूछा सवाल
बचाव के आसान उपाय
रात को खाना सोने से कम से कम 2 से 3 घटे पहले खाएं।
खाना खाने के तुरंत बाद लेटने के बजाय 10-15 मिनट हल्की वॉक करें।
ज्यादा मिर्च-मसाले, चाय-कॉफी और तली चीजों से परहेज करें।
एक बार में ज्यादा खाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके खाएं।
कब जाएं डॉक्टर के पास
छाती में होने वाली हर जलन को गैस समझना खतरनाक हो सकता है। अगर जलन के साथ सीने में भारीपन या तेज दर्द, सांस लेने में तकलीफ, ठंडा पसीना आना, चक्कर आना या उल्टी होना जैसे लक्षण दिखाई दें, तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।