Foot Sole Pain Causes: सुबह उठते ही पैरों के तलवों या एड़ी में चुभन और दर्द होना एक आम समस्या बनता जा रहा है। कुछ लोगों को एड़ी में चुभन होती है, तो कुछ के तलवों में खिंचाव या अकड़न महसूस होती है। अगर आपको भी सुबह बिस्तर से उतरकर पहला कदम रखते समय एड़ी में तेज दर्द महसूस होता है और कुछ कदम चलने के बाद वह कम हो जाता है। लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने या चलने पर दोबारा यही दर्द महसूस होता है, तो यह प्लांटर फैसिआइटिस का संकेत हो सकता है। आइए जानते हैं कि इसके क्या मुख्य कारण और बचाव के तरीके होते हैं।
किसे कहते हैं प्लांटर फैसिआइटस
पैर के तलवे में एक मजबूत टिश्यू होता है, जिसे प्लांटर फैसिया कहते हैं। यह एड़ी की हड्डी को उंगलियों से जोड़ता है। जब इस पर अधिक दबाव पड़ता है, तो इसमें जलन और खिंचाव होता है, जिससे सुबह उठते ही तेज दर्द महसूस होता है। इस स्थिति को प्लांटर फैसिआइटिस कहा जाता है। इसमें सुबह उठकर पहला कदम रखते ही एड़ी या तलवे के निचले हिस्से में तेज दर्द हो सकता है। वहीं कुछ देर चलने पर दर्द कम हो सकता है लेकिन लंबे समय तक खड़े रहने के बाद फिर दर्द महसूस हो सकता है।
गलत फुटवियर
पैरों में दर्द की एक वजह गलत फुटवियर भी हो सकती है। बहुत ज्यादा सख्त तलवों वाले जूते या ऐसे फुटवियर पहनना जिनमें सही कुशनिंग और आर्च सपोर्ट न हो। इससे तलवों पर दबाव बढ़ता है।
लंबे समय तक खड़े रहना
इसके अलावा कई घंटों तक खड़े रहकर काम करना, अचनाक वजन बढ़ना या बिना वॉर्म-अप के अचानक तेज दौड़ना या एक्सरसाइज शुरू करना भी इस दर्द का कारण बनता है। साथ ही घर के अंदर कठोर फर्श पर लगातार नंगे पैर चलने से भी तलवों पर बुरा असर पड़ता है।
बचाव और राहत पाने के तरीके
बिस्तर से उठने से ठीक पहले पैरों की उंगलियों को धीरे-धीरे अपनी तरफ खींचें और कुछ सेकंड रोकें। लेकिन ध्यान रखें कि अगर इससे दर्द बढ़े तो तुरंत रोक दें। इसके अलावा आरामदायक जूते-चप्पल पहनें। घर के अंदर भी बिल्कुल चपटे या कठोर फर्श पर नंगे पैर चलने से बचें। वहीं, अगर दर्द ज्यादा हो, तो किसी साफ कपड़े में बर्फ लपेटकर दर्द वाली जगह पर 15 से 20 मिनट तक रखें।
यह भी पढ़ें: Health Helpline Number: घर बैठे मिलेगा हर स्वास्थ्य समस्या का समाधान, बस डायल करें ये दो नंबर
कब जाएं डॉक्टर के पास
अगर घरेलू उपायों से आराम न मिले, पैरों में सूजन आने लगे या दर्द इतना बढ़ जाए कि सामान्य रूप से चलना भी मुश्किल हो जाए, तो तुरंत किसी ऑर्थोपेडिक डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह जरूर लें।