Plantar Fasciitis: क्या सुबह बिस्तर से उठकर पहला कदम रखते ही आपकी एड़ी में तेज दर्द या कुछ नकीला चुभने जैसा महसूस होता है? कई बार लोग इसे सामान्य थकान या ज्यादा चलने का नतीजा मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन यह प्लांटर फैशियाइटिस का लक्षण हो सकता है। यह पैर की एक सामान्य समस्या है।
क्या है प्लांटर फैशियाइटिस?
आपको बता दें कि हमारे पैर के तलवें में एड़ी से लेकर उंगलियों तक एक मजबूत टिश्यू होता है। यह चलते या दौड़ते समय शरीर का संतुलन बनाए रखने और झटकों को सोखने का काम करता है। जब यह टिश्यू पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ता है, तो इसमें हल्की सूजन या छोटे कट आ जाते हैं, जिससे एड़ी में तेज दर्द होने लगता है।
सुबह का पहला कदम दर्दनाक क्यों?
रात में सोते समय पैर और इसके टिश्यू आऱाम की मुद्रा में रहते हैं। सुबह उठकर जैसे ही आप जमीन पर पैर रखते हैं। उस खिंचाव के कारण अचानक तेज दर्द होता है, थोड़ी देर चलने पर दर्द भले ही कम हो जाए, लेकिन ज्यादा देर खड़े रहने या चलने पर यह फिर बढ़ जाता है।
दर्द की मुख्य वजहें
हर व्यक्ति में इसके कारण अलग होते हैं। लंबे समय तक खड़े रहने वाली नौकरी, अचानक शारीरिक गतिविधि बढ़ाना, दौड़ना या ज्यादा चलना इसके खतरे को बढ़ा देता है। इसके लिए ज्यादा वजन के कारण शरीर का भारीपन एड़ियों पर अतिरिक्त दबाव डालता है। ऐसे जूते जो आरामदायक नहीं होते हैं, उनसे भी कुछ लोगों में परेशानी बढ़ा जाती है। वहीं, कई रिपोर्ट्स की अगर मानें तो एड़ियों में लगातार दर्द रहना शुगर होने की पहली निशानी भी माना जाता है। हालांकि हर बार ऐसा नहीं होता, इसलिए बेहतर चिकित्सा परामर्श इसके लिए सही कदम है।
यह भी पढ़ें: महिलाओं की सेहत से जुड़ी 5 बातें, जिन्हें भूलकर भी न करें नजरअंदाज
राहत पाने के लिए अपनाएं ये आसान टिप्स
आराम के साथ पैर के तलवे और पिंडली की हल्की सट्रेचिंग करें। दर्द और सूजन कम करने के लिए प्रभावित जगह पर बर्फ लगाएं। साथ ही नंगे पैर कठोर फर्श पर चलने से बचें और आरामदायक जूतों का इस्तेमाल करें। अगर दर्द लगातार बना रहे या बढ़ता जाए, तो खुद से इलाज करने के बजाय तुरंत डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से संपर्क करें।