CBSE Board Exam datesheet Released: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए वर्ष 2027 की डेटशीट जारी कर दी है। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से करीब 101 दिन पहले ही टाइम टेबल जारी कर दिया है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 10वीं की परीक्षाएं 9 मार्च और 12वीं की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 को समाप्त होंगी।
26 लाख से अधिक विद्यार्थी देंगे 10वीं की परीक्षा
सीबीएसई के अनुसार, इस बार कक्षा 10वीं के विद्यार्थी कुल 83 विषयों की परीक्षा देंगे, जबकि 12वीं के लिए 121 विषय निर्धारित किए गए हैं। दसवीं की बोर्ड परीक्षा के लिए 26.5 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है। वहीं, 12वीं की परीक्षा में 19.8 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। बोर्ड ने दोनों कक्षाओं के विषयों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया है। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कक्षा और विषय के हिसाब से परीक्षा की तारीखों को ध्यानपूर्वक देख लें।
12वीं में फरवरी से अप्रैल तक होंगी परीक्षाएं
कक्षा 12वीं की परीक्षा पहले दिन 16 फरवरी को फिजिक्स के पेपर से शुरू होगी। इसके बाद 23 फरवरी को अकाउंटेंसी, 25 फरवरी को भूगोल और 27 फरवरी को केमिस्ट्री की परीक्षा होगी। मार्च में 5 तारीख को अंग्रेजी, 9 मार्च को गणित, 13 मार्च को हिंदी, 16 मार्च को इकोनॉमिक्स और 25 मार्च को बायोलॉजी का पेपर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, कंप्यूटर साइंस और बिजनेस स्टडीज जैसे विषयों की परीक्षाएं भी मार्च में होंगी। अंतिम पेपर 9 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा।
यह भी देखेंःDiwali Special Train: दिवाली-छठ पर रेलवे की बड़ी तैयारी, 18 हजार स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को मिलेगी राहत
वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं डेटशीट
विद्यार्थी सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in पर जाकर अपनी परीक्षा की डेटशीट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके लिए वेबसाइट के होमपेज पर 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा टाइम टेबल से जुड़े लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद डेटशीट की पीडीएफ स्क्रीन पर खुल जाएगी। विद्यार्थी इसे डाउनलोड करके अपने पास सुरक्षित रख सकते हैं। परीक्षा की तैयारी करते समय विषयवार तारीखों और निर्धारित समय का ध्यान रखना जरूरी है, ताकि किसी पेपर को लेकर भ्रम की स्थिति न बने।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तारीखें भी घोषित
बोर्ड ने लिखित परीक्षाओं के साथ प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और आंतरिक मूल्यांकन का कार्यक्रम भी जारी किया है। नियमित स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं तथा प्रोजेक्ट मूल्यांकन 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगे। वहीं, सर्दियों वाले क्षेत्रों के स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाएं 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी। बोर्ड ने स्कूलों को निर्धारित समय के अनुसार मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विद्यार्थियों को सलाह है कि वे प्रैक्टिकल और लिखित परीक्षा दोनों की तैयारी समय रहते शुरू कर दें।