CBSE Board 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2026 के छात्रों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। बोर्ड ने मूल्यांकित आंसर शीट की स्कैन कॉपी लेने की अंतिम तारीख को एक बार फिर बढ़ा दिया है। अब छात्र 25 मई 2026 रात 12 बजे तक सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
क्यों बढ़ानी पड़ी तारीख?
आपको बता दें कि सीबीएसई ने इससे पहले आवेदन की आखिरी तारीख 22 मई तय की थी। लेकिन पोर्टल और भुगतान से जुड़ी लगातार शिकायतों के बाद यह फैसला लिया गया। कई छात्रों और अभिभावकों ने शिकायत की कि आवेदन करते समय वेबसाइट बार-बार क्रैश हो रही थी। कुछ छात्रों के खाते से पैसे तो कट गए, लेकिन उनका आवेदन पूरा नहीं हो सका। शिकायतें बढ़ने पर बोर्ड ने पहले 23 मई फिर 24 मई और अब 25 मई रात 12 बजे तक आवेदन की सुविधा जारी रखने का फैसला किया है।
आवेदन कैसे करें?
1. CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. होमपेज पर दिखाई देने वाले “परीक्षा संगम” विकल्प को खोलें।
3. “Schools / Ganga / Saraswati” लिंक चुनें और Class 12 Post Result Services सेक्शन में जाएं।
4. “Obtaining Scanned Copy of Evaluated Answer Book” वाले लिंक पर क्लिक करें और जानकारी दर्ज करें।
5. ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें।
यह भी पढ़ें: Career Guide: सीयूईटी, जेईई और नीट... जानें किस एग्जाम से मिलता है कौन सा कॉलेज, यहां मिलेगी पूरी डिटेल
शिक्षा मंत्री ने मांगी रिपोर्ट
धर्मेंद्र प्रधान ने तकनीकी गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए सीबीएसई से विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। उन्होंने सर्वर बंद होने, भुगतान फेल होने और संचालन संबंधी समस्याओं को लेकर जवाब तलब किया है। अब IIT मद्रास और IIT कानपुर के विशेषज्ञों की एक टीम इस पूरे पोर्टल और पुनर्मूल्यांकन व्यवस्था की जांच करेगी, ताकि भविष्य में छात्रों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
तय समय के अंदर आवेदन करें पूरा
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को आंसर शीट की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने के बाद पुनर्मूल्यांकन और उत्तर पुस्तिका जांच प्रक्रिया की तारीख अलग से जारी की जाएगी। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए तय समय के भीतर जल्द से जल्द अपना आवेदन पूरा कर लें।