CBSE 12th Scanned Copy: सीबीएसई कक्षा 12वीं की परीक्षा के री-इवैल्युएशन और आंसर-बुक की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करने वाले छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। दरअसल, कई छात्रों को उस समय परेशानी का सामना करना पड़ा जब वे अपनी आंसर बुक की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन कर रहे थे। किसी छात्र के खाते से जरूरत से ज्यादा फीस कट गई, तो कुछ छात्रों से कम फीस जमा हुई। ऐसे में बोर्ड ने घोषणा की है कि तकनीकी दिक्कतों के कारण जिन छात्रों के खातों से अतिरिक्त फीस कट गई थी, उन्हें वह राशि वापस कर दी जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
आपको बता दें कि 21 और 22 मई 2026 को बड़ी संख्या में छात्र आंसर-बुक की स्कैंड कॉपी के लिए सीबीएसई के पोर्टल पर आवेदन कर रहे थे। इसी दौरान वेबसाइट पर ट्रैफिक अचानक बहुत ज्यादा बढ़ गया, जिससे सर्वर पर भारी दबाव आ गया और कई तकनीकी समस्याएं खड़ी हो गईं। जिसमें कई छात्रों के खातों से दो बार पैसे कट गए, तो कुछ मामलों में जरूरत से ज्यादा फीस कट गई, तो कहीं कम फीस जमा हुई। सर्वर क्रैश होने के कारण वेबसाइट बार-बार बंद हो रही थी, जिससे कई छात्रों के आवेदन अधूरे रह गए। सोशल मीडिया पर भी कई छात्रों ने अपनी परेशानी शेयर की।
CBSE ने जारी किया नोटिस
सीबीएसई के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने एक आधिकारिक नोटिस जारी कर कहा कि जिन छात्रों के खाते से तकनीकी खराबी के कारण ज्यादा पैसे कट गए हैं, उन्हें वह अतिरिक्त रकम उसी पेमेंट माध्यम से वापस भेज दी जाएगी जिससे भुगतान किया गया था। बोर्ड ने यह भी बताया कि जिन छात्रों से कम फीस जमा हुई है, उन्हें अलग से सूचना दी जाएगी। नोटिस में कहा गया है कि सभी प्रभावित छात्रों को उनकी स्कैन कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी। छात्रों को दोबारा नया आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
आवेदन की लास्ट डेट
आपको बता दें कि पहले स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करने की आखिरी तारीख 23 मई 2026 तय की गई थी, लेकिन सर्वर पर भारी लोड और लगातार तकनीकी दिक्कतें आने की वजह से कई छात्र आवेदन नहीं कर पाए, जिसके बाद बोर्ड ने छात्रों को अतिरिक्त मौका देते हुए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 24 मई 2026 कर दी।
आवेदन कैसे करें?
1. CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. अपना रोल नंबर, स्कूल नंबर और जरूरी जानकारी डालकर लॉगिन करें।
3. Answer Book Scan Copy या Verification/Re-evaluation वाले ऑप्शन को चुनें।
4. जरूरी विषय का चयन करें और आवेदन फॉर्म भरें।
5. ऑनलाइन फीस जमा करें और फॉर्म को सबमिट कर दें।