Gyanesh Kumar Security Increased : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब इंडिया गठबंधन के सांसद और कार्यकर्ता उनके खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल के दिनों में चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक विवाद काफी तेज हो गया है।
पहले से Z+ सुरक्षा, अब अतिरिक्त बल की तैनाती
ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है। अब उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों की तैनाती का फैसला लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने मौजूदा हालात और विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए यह कदम उठाया है।
आगरा स्थित घर और दिल्ली आवास की निगरानी बढ़ी
दिल्ली स्थित आधिकारिक आवास और कार्यालय के अलावा उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में स्थित उनके पैतृक घर की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। सुरक्षा एजेंसियां दोनों स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी कर रही हैं।
ये भी पढ़ें : Kharge के लंच के बाद क्या होगा अगला कदम? तीसरे दिन भी विपक्षी रणनीति पर नजर
SIR विवाद के बाद बढ़ा राजनीतिक दबाव
23 सितंबर को सामने आई एक रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया। रिपोर्ट में दावा किया गया था कि प्रक्रिया के दौरान चुनाव आयोग के भीतर मतभेद सामने आए थे। इसके बाद विपक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और उनके इस्तीफे की मांग तेज हो गई।
राहुल गांधी समेत विपक्षी नेता सड़क पर
पिछले तीन दिनों से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेता लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली में निकाले गए मार्च और जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। इसके बावजूद विपक्ष का आंदोलन जारी है।
आगे की रणनीति पर टिकी नजरें
विपक्षी दल अब अपने आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति तैयार कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे लगातार सांसदों के साथ बैठकें और लंच मीटिंग कर रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में आंदोलन की दिशा और तेज हो सकती है। इसी बीच सुरक्षा एजेंसियां ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम लेने के मूड में नहीं हैं।