इन दिनों बॉलीवुड एक्ट्रेस सेलीना जेटली काफी मुश्किल दौरा और गहरे दर्द से गुजर रही हैं. जिसको लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर खुलकर अपनी बात रखी. सेलीना ने सोशल मीडिया पर बताया कि वो पिछले एक साल से एक भी रात चैन से नहीं सो सकी हैं. जिसकी वजह है उनके भाई मेजर (रिटायर्ड) विक्रांत कुमार जेटली जो कि सितंबर 2024 से यूएई में डिटेन हैं.
इसके साथ ही सेलीना ने इंस्टाग्राम पर अपने भाई की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि वो हर रात रोकर सोती हैं और हर दिन दुआ करती हैं कि उनका भाई ठीक-ठाक हो. उनका ये इमोशनल पोस्ट फैंस के दिलों को छू गया है.
दिल्ली हाईकोर्ट ने दिया मामले में दखल
वहीं अब इस मामले में दिल्ली हाईकोर्ट ने दखल दिया है. भारत सरकार को कोर्ट ने नोटिस जारी करके चार हफ्तों में स्टेटस रिपोर्ट जमा करने की बात कही है. इसके साथ ही एक नोडल अधिकारी को नियुक्त करने का निर्देश दिया गया है ताकि परिवार को अपडेट मिलता रहे. सेलीना के अनुसार अब तक उन्हें केवल औपचारिक जानकारी ही दी जा रही थी, जबकि उनके भाई की स्थिति को लेकर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया. कोर्ट के आदेश के बाद से जेटली परिवार की थोड़ी उम्मीदें जरूर जगी हैं.
नेशनल सिक्योरिटी कंसर्न्स के चलते किया गया डिटेन
साल 2016 से मेजर विक्रांत जेटली यूएई में रह रहे थे और वहां की एक कंपनी 'मैटीटी ग्रुप' में काम कर रहे थे. मिली जानकारी के मुताबिक साल 2024 सितंबर में उन्हें नेशनल सिक्योरिटी कंसर्न्स के चलते डिटेन कर दिया गया था. तब से उनका परिवार और बहन सेलीना लगातार उनकी रिहाई के लिए कोशिशें कर रहे हैं. सेलीना ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि वो अपने भाई के लिए सब कुछ दांव पर लगाने को तैयार हैं. अब सभी की निगाहें इस मामले पर दिल्ली हाईकोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी हुई हैं.