Flex Fuel Cars in India: महंगे पेट्रोल-डीजल और प्रदूषण की समस्या से परेशान देश की आम जनता के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने गाड़ियों में 100% शुद्ध एथेलॉल (E100) का इस्तेमाल करने वाले नए नियमों को कानूनी मंजूरी दे दी है। सरकार के इस कदम से अब देश में फ्लेक्स फ्यूल कारों के आने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। इस फैसले के बाद मारुति सुजुकी, टोयोटा और हुंडई जैसी देश की दिग्गज कार निर्माता कंपनियां अगले साल से 100% एथेनॉल से चलने वाली गाड़ियां बाजार में उतारने के लिए तैयार हो चुकी हैं।
100 प्रतिशत शुद्ध एथेनॉल पर चलेंगी
फिलहाल हम जो गाड़ियां चला रहे हैं, उनमें 20% तक एथेलॉल मिलाया जाता है, जिसे E20 पेट्रोल कहते हैं। लेकिन अब नई तकनीक वाली फ्लेक्स फ्यूल कारें आएंगी, जो या तो 100 प्रतिशत शुद्ध एथेनॉल पर चलेंगी या फिर जरूरत पड़ने पर पेट्रोल और एथेनॉल के किसी भी मिश्रण पर आसानी से दौड़ सकेंगी। सरकार की योजना देश भर में एथेलॉल पंप खोलने की है। ताकि लोगों को ईंधन की कोई कमी न हो।
ऑटो कंपनियों की तैयारी पूरी
बता दें कि सरकार से मंजूरी मिलते ही देश की दिग्गज कार कंपनियों ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। मारुति सुजुकी अपनी लोकप्रिय कार वैगनआर का एथेलॉल मॉडल तैयार कर रही है, जिसे जल्द ही बाजार में उतारा जाएगा। वहीं, टोयोटा ने भारत में अपनी मशहूर सेडान कार Innova Hycross का दुनिया का पहला 100% एथेनॉल से चलने वाला प्रोटोटाइप मॉडल पेश किया था, जो बेहद एडवांस है। इसके अलावा हुंडई भी अपने इंजनों को एथेलॉल के अनुकूल अपडेट कर रही है।
यह भी पढ़ें: कार में आ रही CNG की गंध? भूलकर भी न करें ये गलतियां; तुरंत अपनाएं ये सेफ्टी टिप्स
आम जनता को क्या होगा फायदा
एथेनॉल की कीमत पेट्रोल के मुकाबले काफी कम होती है। इससे आपकी जेब पर ईंधन का बोझ बहुत कम हो जाएगा। 100 प्रतिशत एथेनॉल एक साफ और पर्यावरण अनुकूल ईंधन है। इसके इस्तेमाल से गाड़ियों से निकलने वाले जहरीले धुएं और कार्बन में भारी कमी आएगी। इसके अलावा भारत को कच्चा तेल खरीदने के लिए विदेशों को अरबों रूपये नहीं देने होंगे। एथेनॉल का उत्पादन अपने ही देश में होगा, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और देश का पैसा देश में ही रहेगा।