मेरठ में सत्ता परिवर्तन यात्रा के दौरान दो सभाओं में चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए मुफ्त शिक्षा, पांच लाख नौकरियां, तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली, पुरानी पेंशन और किसान हित से जुड़े कई बड़े वादे किए। उन्होंने कहा कि मिशन 2027 में बैलेट पेपर से सरकार बनाएंगे। बोले बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं तो उनकी पार्टी सरकार बनाने में सक्षम होगी।
प्राथमिकताओं और वादों का भी खुलासा
सत्ता परिवर्तन यात्रा से पूर्व मवाना व मेरठ में अंबेडकर पार्क में आयोजित सभा में आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेश और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकारें आम जनता की बजाय पूंजीपतियों के हित में काम कर रही हैं। साथ ही वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर अपनी पार्टी की प्राथमिकताओं और वादों का भी खुलासा किया।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
शेरगढ़ी स्थित कांशीराम पार्क में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार पूरी तरह निरंकुश हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गरीब लगातार गरीब होता जा रहा है जबकि अमीर और अधिक अमीर बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान व्यवस्था में योग्य युवाओं को रोजगार नहीं मिल पा रहा है और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही हैं, जिससे समाज का बड़ा वर्ग परेशान है।
सत्ता में आने पर किए कई बड़े वादे
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यदि वर्ष 2027 में उनकी पार्टी की सरकार बनती है तो इंटरमीडिएट तक की शिक्षा निशुल्क की जाएगी। मजदूरों को न्यूनतम 750 रुपये प्रतिदिन मजदूरी देने की व्यवस्था की जाएगी।
शराब के ठेके पुस्तकालय में परिवर्तित होंगे
उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में शराबबंदी लागू की जाएगी और शराब के ठेकों को पुस्तकालयों में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा प्रदेश में दलित बस्तियों के पास शराब के ठेके खेाल दिए गये है। जिसके कारण परिवार बिखर रहे है। बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं का कारण शराब का सेवन है।इसके अलावा उन्होंने पहली मंत्रिपरिषद की बैठक में पांच लाख सरकारी नौकरियां निकालने, तीन सौ यूनिट निशुल्क बिजली देने, स्मार्ट मीटर हटाने, गरीबों और किसानों के बिजली बिल माफ करने तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने का वादा किया।
पुलिस कर्मी 8 घ्ंटे करेंगे डयूटी
मंच से बोलते हुए सांसद चन्द्रशेखर ने कहा अगर उनकी पार्टी की सरकार बनती है। तो प्रदेश भरकर के पुलिस कर्मियों को सिर्फ 8 घंटे की डयूटी करेंगे। उन्होंने शिक्षकों पर बोलते हुए कहा शिक्षकों को अन्य कार्य के लिए नहीं लगाया जाएगा। उन्होंने जनगणना का उदाहरण देते हुए कहा ज्यादातर शिक्षक जनगणना में लगे हुए है। इसके कारण उनका कार्य बाधित हो रहा है। ऐसे कार्याे के लिए अलग से नियुक्ति करायी जाएगी।
किसान, महिला सुरक्षा और रोजगार पर भी फोकस
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दी जाएगी। प्रदेश में उद्योग-धंधों को बढ़ावा देकर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाएगा।सभा के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की मौत का भी जिक्र किया और कहा कि उनकी सरकार बनने पर महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का दावा किया।