छांगुर बाबा की करोड़ों की संपत्ति की जांच अब तेज हो गई है. प्रवर्तन निदेशालय ने उनके और उनके करीबियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक, बाबा की 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति की जांच की जा रही है.
फर्जी दस्तावेजों से बनाईं संस्थाएं
ED को जानकारी मिली है कि छांगुर बाबा ने फर्जी कागजों के आधार पर 40 संस्थाएं बनाईं और 100 से ज्यादा बैंक खाते खुलवाए. खास बात यह है कि इन खातों में अरब देशों से करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. इनमें से 6 खाते विदेशों में भी हैं.
देशभर में खरीदी संपत्ति
बाबा ने इन पैसों से उत्तर प्रदेश, नागपुर और पुणे जैसे शहरों में जमीनें खरीदीं. ED अब इन संपत्तियों का ब्योरा जुटाकर उन्हें जब्त (कुर्क) करने की तैयारी में है. इससे पहले संबंधित बैंकों से खातों की पूरी जानकारी मांगी गई है. साथ ही, बाबा के पिछले 6 महीने के इनकम टैक्स रिटर्न भी मंगवाए गए हैं.
पूछताछ के लिए कस्टडी की तैयारी
लखनऊ में ED और इनकम टैक्स विभाग की टीमों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें छांगुर बाबा के खिलाफ आगे की कार्रवाई पर चर्चा हुई. अब ED जल्द ही कोर्ट में अर्जी लगाकर बाबा और उनके साथियों की कस्टडी लेने की तैयारी में है, ताकि उनसे पूछताछ कर पैसे के लेन-देन और संपत्तियों की सच्चाई सामने लाई जा सके.
छांगुर बाबा का नाम पहले से ही धर्मांतरण और संदिग्ध गतिविधियों में सामने आ चुका है. अब संपत्ति की जांच में फंसने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं.