उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार किए गए जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को लेकर हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि छांगुर धर्मांतरण के लिए पहले से एक पूरा प्लान तैयार कर चुका था. उसके पास सहयोगियों की एक टीम थी जो उन लोगों की तलाश करती थी, जिन्हें पैसों या दूसरी मदद के बहाने आसानी से धर्म बदलने के लिए तैयार किया जा सके.
किताब छपवाने की थी खास योजना
छांगुर ने पुलिस को बताया कि वह "शिजार-ए-तैय्यबा" नाम की एक किताब को बड़े पैमाने पर छपवाना चाहता था. इसके लिए वह प्रकाशक की तलाश भी कर रहा था. उसका इरादा था कि बिना ज्यादा ध्यान खींचे इस किताब को छपवाया जाए ताकि इसका इस्तेमाल लोगों को इस्लाम की तरफ झुकाने और धर्मांतरण बढ़ाने के लिए किया जा सके. सूत्रों के अनुसार, इस किताब में हिंदू धर्म को नीचा दिखाने और इस्लाम की प्रशंसा करने वाली बातें शामिल थीं. इसमें भ्रामक जानकारी भी दी गई थी.
ट्रेनिंग सत्र भी करवाता था छांगुर
धर्म बदलवाने के लिए छांगुर ट्रेनिंग सेशन भी कराता था. वह अपने घर के एक अलग हिस्से में बनी इमारत में इन ट्रेनिंग सेशन्स का आयोजन करता था, जहां लोगों को नमाज पढ़ना सिखाया जाता था और इस्लाम कबूल करने के लिए तैयार किया जाता था.
नाबालिग लड़की ने किया चौंकाने वाला खुलासा
पिछले कुछ दिनों में कई लोग छांगुर बाबा की करतूतों के बारे में सामने आ चुके हैं. शनिवार को फरीदाबाद की 16 साल की एक नाबालिग लड़की ने बड़ा खुलासा किया. लड़की ने बताया कि एक आमिर हुसैन नाम के युवक ने पहले उसे प्रेम जाल में फंसाया और फिर उसे दिल्ली में छांगुर बाबा से मिलवाया.
लड़की का आरोप है कि आमिर और उसका परिवार उसे दिल्ली के निजामुद्दीन दरगाह ले गए, जहां उसकी मुलाकात छांगुर से हुई. वहां उससे जबरन नमाज पढ़वाई गई और धर्म परिवर्तन कर शादी करने के लिए कहा गया. लड़की ने बताया कि छांगुर ने उसे एक ताबीज और एक उर्दू में लिखी पर्ची दी और कहा कि इसे पानी में मिलाकर पियो और रोज सुबह इसका पालन करो.
आरोपी आमिर गिरफ्तार
फरीदाबाद की मुजेसर थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी आमिर हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता ने बताया कि आमिर की बहन नेहा खान से उसकी पहचान 2023 में हुई थी, जिसके बाद नेहा ने ही आमिर से मिलवाया. आमिर उनके घर के पास ही रहता था और धीरे-धीरे उसने लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया.
पुलिस की जांच जारी
छांगुर बाबा के नेटवर्क और उसकी पूरी योजना की जांच अभी भी जारी है. धर्मांतरण के इस संगठित प्रयास को लेकर सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हो गई हैं. पुलिस को शक है कि छांगुर से पूछताछ में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.