Pens Flight Emergency Gate: चेन्नई एयरपोर्ट पर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब शारजाह से आई एयर अरेबिया की फ्लाइट से एक यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट खोलकर कूदने की कोशिश की। फ्लाइट G9-471 की लैंडिंग के तुरंत बाद हुई इस घटना से एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा कारणों से मुख्य रनवे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा।
लैंडिंग के तुरंत बाद हुई घटना
अधिकारियों के मुताबिक, एयरबस A320 से संचालित यह फ्लाइट सुबह करीब 3:23 बजे उतरी थी। लैंडिंग के एक मिनट बाद ही टैक्सीवे पर एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी एग्जिट खोल दिया और बाहर कूद गया। घटना सुबह लगभग 3:25 बजे की बताई जा रही है, जिससे विमान को तुरंत रोकना पड़ा।
रनवे बंद, उड़ानों पर असर
सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट प्रशासन ने मुख्य रनवे (07/25) को बंद कर दिया। इसका असर कई उड़ानों पर पड़ा। ब्रिटिश एयरवेज की लंदन से आने वाली फ्लाइट BA0035 को बेंगलुरु डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा दोहा, अहमदाबाद और दुबई जाने वाली कम से कम पांच उड़ानों में 35 से 40 मिनट तक की देरी हुई।
यह भी देखेंःDelhi AC blast : विवेक विहार की इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की मौत, राहत-बचाव कार्य जारी
सेकेंडरी रनवे से चला ऑपरेशन
मुख्य रनवे बंद होने के दौरान एयरपोर्ट ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत सेकेंडरी रनवे (12/30) से संचालन जारी रखा। बैंकॉक और अबू धाबी जाने वाली उड़ानों को इसी रनवे से रवाना किया गया, जबकि कुछ आने वाली फ्लाइट्स को भी वहीं उतारा गया।
यात्री की पहचान और जांच जारी
अधिकारियों के अनुसार, यात्री की पहचान 29 वर्षीय मोहम्मद शरीफ मोहम्मद नजमुद्दीन के रूप में हुई है। घटना के बाद विमान को करीब 4:25 बजे पार्क किया गया और 4:35 बजे रनवे दोबारा खोल दिया गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं कि यात्री ने ऐसा कदम क्यों उठाया।