Chaturmas 2026: हिंदू धर्म में चातुर्मास का समय बेहद खास माना जाता है। इस अवधि को भगवान विष्णु की आराधना और आध्यात्मिक साधना के लिए शुभ माना जाता है। पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ चातुर्मास की शुरुआत हो चुकी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु क्षीर सागर में योग निद्रा में चले जाते हैं और करीब चार महीने बाद देवउठनी एकादशी के दिन जागते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है। चातुर्मास के दौरान शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यों पर रोक रहती है, लेकिन पूजा-पाठ, दान और धार्मिक कार्यों के लिए यह समय बेहद फलदायी माना जाता है। ज्योतिषीय दृष्टि से भी यह अवधि महत्वपूर्ण रहने वाली है, क्योंकि इस दौरान कई ग्रह अपनी चाल बदलेंगे और शनि देव वक्री अवस्था में रहेंगे। ग्रहों की बदलती स्थिति का असर सभी राशियों पर अलग-अलग रूप से देखने को मिल सकता है। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार, कुछ राशियों के जातकों को इस दौरान अपने काम, धन और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतनी होगी। आइए जानते हैं किन राशियों के लिए चातुर्मास के ये चार महीने थोड़े चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं।
मिथुन राशि
चातुर्मास की अवधि मिथुन राशि के लोगों के लिए संभलकर चलने वाली हो सकती है। नौकरी करने वालों पर काम का अतिरिक्त दबाव आ सकता है और कार्यस्थल पर किसी बात को लेकर सहकर्मियों से मतभेद होने की संभावना बन सकती है। व्यापार से जुड़े लोगों को भी इस समय सोच-समझकर फैसले लेने की सलाह दी जाती है। निवेश करने से पहले पूरी जानकारी जरूर लें। इस दौरान अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें और अनावश्यक खर्चों से बचें, ताकि परेशानियां बढ़ने न पाएं।
कर्क राशि
कर्क राशि वालों को चातुर्मास में आर्थिक और पारिवारिक मामलों में सतर्क रहने की जरूरत हो सकती है। किसी को पैसा उधार देने से बचें, क्योंकि धन वापस मिलने में परेशानी आ सकती है। घर-परिवार में छोटी-छोटी बातों को लेकर तनाव की स्थिति बन सकती है, जिसका असर मानसिक शांति पर पड़ सकता है। इस समय अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें और नियमित दिनचर्या बनाए रखने की कोशिश करें।
तुला राशि
तुला राशि के जातकों को इस अवधि में कोई भी बड़ा फैसला जल्दबाजी में लेने से बचना चाहिए। नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र में कुछ चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है और कामों में रुकावटें आ सकती हैं। आर्थिक मामलों में भी सावधानी जरूरी होगी। अचानक खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए बजट बनाकर चलें। किसी भी कानूनी मामले या जरूरी दस्तावेजों से जुड़े काम में पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही आगे बढ़ें। व्यापारियों को भी नई डील करते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए चातुर्मास का समय आर्थिक मामलों में थोड़ा चुनौतीपूर्ण रह सकता है। खर्च बढ़ने या आर्थिक दबाव बनने की स्थिति आ सकती है। किसी भी तरह का कर्ज लेने से पहले अच्छी तरह विचार करें। जो विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें अधिक मेहनत और धैर्य के साथ आगे बढ़ना होगा। यात्रा और वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। साथ ही स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही करने से बचें, खासकर अगर कोई पुरानी समस्या पहले से परेशान कर रही है।