लखनऊ। यूपी में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष की चर्चा के बीच केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह है साल 2023 की वह यादगार घटना, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर दौरे पर अचानक उनके घर पहुंच गए थे। संकरी गलियों के कारण पीएम मोदी ने अपनी गाड़ी सब्जी मंडी में छोड़कर करीब 150-200 मीटर पैदल चलकर पंकज चौधरी के घंटाघर स्थित हरिवंशपुर गली वाले घर तक पहुंचे। यह सरप्राइज विजिट उस समय खूब चर्चा में रही थी।
बिना किसी पूर्व सूचना के मोदी पहुंचे थे घर
घटना 7 जुलाई 2023 की है। पीएम मोदी गीता प्रेस के शताब्दी समारोह में शामिल होने गोरखपुर आए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद बिना किसी पूर्व सूचना के वे केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी के घर पहुंच गए। दरवाजे पर पहुंचते ही पीएम ने उनकी मां उज्ज्वला चौधरी से हाथ जोड़कर कहा, माताजी, देखिए आप मुझसे मिलने दिल्ली आने वाली थीं, मैं सोचा खुद चलकर मिल लूं। यह सुनकर पूरा परिवार खुशी से झूम उठा। पंकज चौधरी की मां उज्ज्वला चौधरी ने प्रधानमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया। उन्होंने चंदन का तिलक लगाया और आरती उतारी। पीएम मोदी ने विनम्रता से पूछा, जूता निकालकर अंदर जाना है? लेकिन परिवार ने आग्रह किया कि जूते पहने ही अंदर आएं। इसके बाद पीएम घर के अंदर गए और परिवार के सभी सदस्यों से मुलाकात की।
वापसी में भी वे पैदल ही गाड़ी तक गए
उन्होंने पंकज चौधरी की पत्नी भाग्यश्री, बेटे रोहन, बहू तान्या, बेटी श्रुति और पोते-पोतियों अविराज, युवराज आदि से कुशलक्षेम पूछा और बच्चों को दुलार किया। करीब 10-15 मिनट तक पीएम मोदी परिवार के साथ रहे। इस दौरान उन्होंने नन्हें बच्चों को गोद में लिया और प्यार किया। परिवार के साथ कई फोटो भी खिंचवाईं। वापसी में भी वे पैदल ही गाड़ी तक गए। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए।
राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण थी यह घटना
गोरखपुर के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री का किसी मंत्री के घर इतना अनौपचारिक दौरा हुआ था। यह विजिट सिर्फ व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण थी। पंकज चौधरी पूर्वांचल के कुर्मी समाज के मजबूत नेता हैं और पीएम मोदी के करीबी माने जाते हैं। इस मुलाकात से ओबीसी वोट बैंक को मजबूत करने का संदेश गया। आज जब पंकज चौधरी यूपी भाजपा अध्यक्ष बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं, तो यह पुरानी घटना फिर चर्चा में है।
तस्वीरें वायरल हुईं थी सरप्राइज विजिट की
सूत्रों के अनुसार उनका नाम लगभग तय है। पीएम मोदी की सादगी और सरप्राइज विजिट की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। लोगों ने उनकी विनम्रता की खूब तारीफ की। पंकज चौधरी ने इसे भगवान राम का शबरी से मिलना और श्रीकृष्ण का सुदामा से मिलना बताया था। यह घटना पीएम मोदी के आमजन से जुड़ाव का प्रतीक बन गई।