Cheapest Home Loan Rates : त्योहारी सीजन की शुरुआत के साथ ही कई लोग अपने सपनों का घर खरीदने की योजना बना रहे हैं। खासकर धनतेरस और दीवाली जैसे शुभ अवसर पर नया घर लेने की परंपरा काफी लोकप्रिय है। ऐसे में घर खरीदने वालों के लिए सबसे बड़ी चिंता सस्ते और भरोसेमंद होम लोन की होती है। अगर आप भी इस दीवाली अपने नए घर में लक्ष्मी पूजन करने का सपना देख रहे हैं, तो यह जानकारी आपके काम आ सकती है।
बढ़ती प्रॉपर्टी कीमतों के बीच बढ़ी लोन की जरूरत
देशभर में प्रॉपर्टी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। ऐसे में अधिकांश लोग घर खरीदने के लिए बैंक से होम लोन का सहारा लेते हैं। कम ब्याज दर वाला लोन चुनने से लंबी अवधि में लाखों रुपये की बचत हो सकती है। इसलिए सही बैंक का चयन बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
7 से 10 प्रतिशत तक की ब्याज दर
सरकारी और निजी क्षेत्र के कई बैंक इस समय प्रतिस्पर्धी ब्याज दरों पर होम लोन उपलब्ध करा रहे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इन बैंकों में होम लोन की शुरुआती ब्याज दर करीब 7 प्रतिशत से शुरू होकर 10 प्रतिशत तक जाती है। अंतिम ब्याज दर ग्राहक के क्रेडिट स्कोर, आय और अन्य शर्तों पर निर्भर करती है।
सबसे कम ब्याज दर देने वाले प्रमुख बैंक
बैंक ऑफ महाराष्ट्र 7 से 9.15 प्रतिशत, बैंक ऑफ इंडिया 7.10 से 10 प्रतिशत, इंडियन ओवरसीज बैंक 7.10 से 8.10 प्रतिशत, यूको बैंक 7.15 से 9.25 प्रतिशत और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 7.15 से 9.35 प्रतिशत की दर से होम लोन दे रहे हैं। वहीं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 7.20 से 8.75 प्रतिशत और बैंक ऑफ बड़ौदा 7.20 से 8.95 प्रतिशत की ब्याज दर पर लोन उपलब्ध करा रहा है।
ये भी पढ़ें : UPI की ग्लोबल उड़ान, 11 देशों तक पहुंचा भारत का पेमेंट सिस्टम; ग्रीस और मालदीव भी जुड़े
निजी बैंकों में क्या हैं विकल्प?
निजी क्षेत्र के बैंकों में एक्सिस बैंक 8 से 9.10 प्रतिशत, फेडरल बैंक 7.35 से 9.25 प्रतिशत और इंडसइंड बैंक 7.60 से 10 प्रतिशत तक की ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहे हैं। इसके अलावा आईडीबीआई बैंक 7.40 से 10 प्रतिशत और जम्मू-कश्मीर बैंक 7.50 से 8.20 प्रतिशत की दरों पर लोन दे रहा है।
अन्य प्रमुख बैंकों की ब्याज दरें
पंजाब नेशनल बैंक 7.25 से 9.15 प्रतिशत, कैनरा बैंक 7.15 से 10 प्रतिशत और इंडियन बैंक 7.65 से 9.15 प्रतिशत तक की ब्याज दर पर होम लोन प्रदान कर रहे हैं। ग्राहक अपनी जरूरत और पात्रता के अनुसार अलग-अलग बैंकों की शर्तों की तुलना कर सकते हैं।
होम लोन के लिए किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
होम लोन आवेदन के दौरान आमतौर पर आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, पासपोर्ट, बिजली बिल, बैंक स्टेटमेंट, सैलरी स्लिप, आयकर रिटर्न (ITR) और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मांगे जाते हैं। हालांकि दस्तावेजों की सूची बैंक और ग्राहक की प्रोफाइल के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
विशेषज्ञों का कहना है कि होम लोन लेने से पहले सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि प्रोसेसिंग फीस, प्रीपेमेंट नियम, ईएमआई और कुल पुनर्भुगतान राशि की भी तुलना करनी चाहिए। सही योजना और सही बैंक का चुनाव आपके घर खरीदने के सपने को आसान बना सकता है।