Chennai TVK Leader Murder---चेन्नई में शनिवार रात सरेराह हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वन्ननदुरई इलाके में कन्नन नाम के व्यक्ति पर छह लोगों के गैंग ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में कन्नन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह हाल ही में TVK में शामिल हुए थे। वारदात CCTV में कैद हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर पांच संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है।
ऑफिस जाते समय घेरकर किया हमला
पुलिस के मुताबिक कन्नन अपने घर से निकलकर रामास्वामी एवेन्यू स्थित अपने ऑफिस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान छह लोगों के गैंग ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। आरोपियों ने धारदार हथियारों से उन पर लगातार कई वार किए। हमले के बाद कन्नन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
हत्या की यह घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पांच संदिग्धों से पूछताछ
मामले की जांच के लिए पुलिस ने पांच विशेष टीमें बनाई हैं। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पांच संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।
हाल ही में TVK में शामिल हुए थे कन्नन
पुलिस जांच में सामने आया है कि कन्नन ने हाल ही में TVK पार्टी की सदस्यता ली थी। इसी वजह से हत्या को लेकर राजनीतिक एंगल की भी जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक हत्या की वजह को लेकर पुलिस की ओर से कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
कन्नन का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार कन्नन की आपराधिक पृष्ठभूमि भी रही है। करीब आठ साल पहले इसी इलाके में शिवा और वेलु की हत्या के मामले में कन्नन के खिलाफ केस चलने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए हत्या की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।