CHHATARPUR BOLERO TRUCK ACCIDENT मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। मातगुवां थाना क्षेत्र के चौका गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। परिवार के लोग बिजावर से अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे।
अंतिम संस्कार के लिए निकला था परिवार
जानकारी के मुताबिक, बोलेरो में सवार परिवार के लोग बिजावर से बगौता की ओर जा रहे थे। शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे ग्राम चौका के पास एडिफाइ स्कूल के सामने उनकी बोलेरो की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक सागर की ओर जा रहा था। दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
वाहन में फंस गए थे लोग
टक्कर के बाद बोलेरो में सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।
तीन महिलाओं समेत पांच की मौत
हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान दौलत पिता दुर्गी रैकवार (40), बीना पत्नी दौलत रैकवार (38), श्यामबाई पत्नी दुर्गी रैकवार (60), कौशल्या पत्नी लक्ष्मण रैकवार (50) और संजय पिता प्रमोद (25) के रूप में हुई है। सभी बिजावर निवासी और एक ही परिवार के बताए गए हैं।
एक घायल ग्वालियर रेफर
हादसे में छोटू रैकवार निवासी रंगौली गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
अंतिम संस्कार से पहले घर में पसरा मातम
जिस परिवार के सदस्य किसी अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे, हादसे के बाद उसी परिवार में मातम छा गया। एक साथ पांच लोगों की मौत से बिजावर में भी शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों और दोनों वाहनों की स्थिति को लेकर जांच कर रही है।