
देश की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक संस्था भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission of India) इन दिनों लगातार सुर्खियों में है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अन्य दलों के हमलों ने आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) को चर्चा के केंद्र में ला दिया है. राहुल गांधी से शपथ पत्र मांगने और देश से माफी मांगने वाले विवादित बयान के बाद यह बहस और तेज हो गई है कि आखिर मुख्य चुनाव आयुक्त की शक्तियां और उनकी संवैधानिक सुरक्षा क्या है. अब खबर है कि विपक्ष उनकी बर्खास्तगी यानी महाभियोग (Impeachment) प्रस्ताव लाने पर विचार कर रहा है. लेकिन सवाल उठता है क्या सच में मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाया जा सकता है? इसकी प्रक्रिया क्या है?
मुख्य चुनाव आयुक्त की संवैधानिक स्थिति
भारत में चुनाव आयोग की स्थापना संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत की गई है. यह संस्था लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा और राष्ट्रपति चुनावों को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से कराने की जिम्मेदार है.
अनुच्छेद 324(1): चुनावों की पूरी जिम्मेदारी चुनाव आयोग पर है.
अनुच्छेद 324(2): मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति का अधिकार राष्ट्रपति को है.
अनुच्छेद 324(5): मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जैसी होगी.
इसका मतलब है कि इस पद को बहुत मजबूत संवैधानिक सुरक्षा मिली हुई है. साधारण परिस्थितियों में किसी सरकार या कार्यपालिका की मर्जी से मुख्य चुनाव आयुक्त को नहीं हटाया जा सकता.
ये भी पढ़ें : Airport जैसी सुविधा, मॉल जैसा लुक… स्टेशन नहीं, स्मार्ट सिटी का गेटवे होगा गोमतीनगर Railway Station
हटाने की प्रक्रिया क्या है?
संविधान के अनुसार, मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की प्रक्रिया सुप्रीम कोर्ट के जज जैसी होती है. संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में विशेष बहुमत से प्रस्ताव पारित होना जरूरी है. यह प्रक्रिया केवल तभी शुरू हो सकती है जब उन पर दुराचार (misbehavior) या अयोग्यता (incapacity) के गंभीर आरोप साबित हों.
राष्ट्रपति केवल तभी उन्हें हटा सकते हैं जब संसद ने इस तरह का प्रस्ताव पारित कर दिया हो. यानी, यह पूरी तरह से एक संसदीय प्रक्रिया है, जिसमें सरकार का सीधा हस्तक्षेप नहीं हो सकता.
वहीं मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाना मुश्किल है, लेकिन अन्य चुनाव आयुक्तों को राष्ट्रपति सीधे हटा सकते हैं. हालांकि, इसके लिए राष्ट्रपति को मुख्य चुनाव आयुक्त से परामर्श लेना अनिवार्य है. यह व्यवस्था इसलिए बनाई गई है ताकि मुख्य चुनाव आयुक्त की स्वतंत्र भूमिका बनी रहे और सरकार मनमानी न कर सके.
चुनाव आयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था का रक्षक (watchdog) है. अगर सरकारें चाहें तो वो चुनाव आयोग पर दबाव डाल सकती हैं. यही कारण है कि संविधान निर्माताओं ने इस पद को सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश जैसी सुरक्षा दी. ताकि मुख्य चुनाव आयुक्त बिना किसी डर या दबाव के चुनाव करा सकें और लोकतंत्र की निष्पक्षता बनी रहे.
अदालतों के बड़े फैसले
सालों से सुप्रीम कोर्ट भी चुनाव आयोग की स्वतंत्रता पर जोर देता रहा है.
एस.एस. धनोआ बनाम भारत संघ (1991)- कोर्ट ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने का अधिकार केवल संसद के पास है, कार्यपालिका के पास नहीं.
टी.एन. शेषन बनाम भारत संघ (1995)- इस मामले में कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिर्फ मुख्य चुनाव आयुक्त ही नहीं, बल्कि अन्य आयुक्त भी समान अधिकार रखते हैं और आयोग सामूहिक रूप से निर्णय लेगा.
क्या अब तक किसी मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाया गया है?
आज तक भारत में किसी भी मुख्य चुनाव आयुक्त को महाभियोग की प्रक्रिया से नहीं हटाया गया है. यह इस बात का प्रमाण है कि संविधान ने उन्हें जो सुरक्षा दी है, वह कितनी मजबूत है.मुख्य चुनाव आयुक्त का कार्यकाल छह साल का होता है और इस दौरान उनका वेतन और सुविधाएं सुप्रीम कोर्ट के जज के बराबर होती हैं. सबसे अहम बात यह है कि उनके कार्यकाल के बीच उनकी सेवा शर्तें बदली नहीं जा सकतीं.
नई नियुक्ति व्यवस्था और विवाद
साल 2023 में संसद ने एक नया कानून मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य आयुक्तों की नियुक्ति अधिनियम पारित किया गया. इसके तहत अब नियुक्ति के लिए एक समिति बनाई गई है जिसमें प्रधानमंत्री, एक कैबिनेट मंत्री और विपक्ष का नेता शामिल होता है. पहले इस समिति में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश भी सदस्य होते थे, लेकिन नए कानून से उन्हें बाहर कर दिया गया है. इस बदलाव को लेकर काफी विवाद हुआ. कई विशेषज्ञों का मानना है कि इससे आयोग की स्वतंत्रता प्रभावित हो सकती है.
क्यों महत्वपूर्ण है यह बहस?
लोकतंत्र की नींव ही स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव पर टिकी है. अगर चुनाव आयोग की स्वतंत्रता पर सवाल उठेंगे तो पूरा लोकतांत्रिक ढांचा हिल सकता है. इसलिए संविधान ने मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाना बेहद कठिन बना दिया है. विपक्ष भले ही इस दिशा में कदम उठाए, लेकिन वास्तव में संसद में इतनी संख्या जुटाना बेहद मुश्किल है. मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की प्रक्रिया भारतीय संविधान के सबसे कठिन प्रावधानों में से एक है. यह इसलिए ताकि कोई भी सरकार अपनी मनमर्जी से चुनाव आयोग पर नियंत्रण न कर सके. अब तक किसी भी मुख्य चुनाव आयुक्त को इस प्रक्रिया से नहीं हटाया गया है और यही हमारी लोकतांत्रिक परंपरा की सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है.