मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शुक्रवार को कहा कि प्रस्तावित पुलिस उपनिरीक्षक व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा–2025 की तैयारियों को ठीक से जांच लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी एक स्थान पर हुई त्रुटि पूरे परीक्षा तंत्र को प्रभावित कर सकती है। परीक्षा से पूर्व रियल टाइम रिहर्सल कर कमियों को चिन्हित कर उन्हें तत्काल दूर किया जाए।
अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की
गोयल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शुचितापूर्वक कराने में ट्रेनिंग एवं ब्रीफिंग का विशेष महत्व है। सभी संबंधित अधिकारी प्रशिक्षण एवं ब्रीफिंग सत्रों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। ब्रीफिंग एवं प्रशिक्षण विस्तृत एवं प्रभावी ढंग से आयोजित किए जाएं, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
डबल गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
उन्होंने निर्देश दिए कि गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए कोषागार में निर्धारित कक्ष पूर्णतः खाली हो तथा प्रवेश के लिए दरवाजे के अतिरिक्त कोई दूसरा विकल्प न हो। कक्ष के भीतर एवं बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे, समुचित प्रकाश व्यवस्था, निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी तथा डबल गार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विस्तृत रूट मैप तैयार किया जाए
परीक्षा दिवस पर निर्धारित सीरीज की गोपनीय सामग्री का बॉक्स ही निर्गत किया जाए। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी नोडल अधिकारी (प्रशासन) की होगी। परीक्षा सामग्री को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए सबसे सुरक्षित एवं न्यूनतम दूरी वाले मार्ग का चयन करते हुए विस्तृत रूट मैप तैयार किया जाए।