China Earthquake Today: चीन में गुरुवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। खास बात यह है कि एक ही दिन में यहां दो बार धरती हिली। रात के समय आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5।0 दर्ज की गई, जबकि सुबह आए भूकंप की तीव्रता 4।4 थी। दोनों बार भूकंप की जानकारी नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) की ओर से दी गई है। फिलहाल रात में आए भूकंप के कारण किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। NCS की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात 10 बजकर 26 मिनट पर चीन के शिनजियांग क्षेत्र में भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5।0 मापी गई। एजेंसी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भूकंप का समय और इसकी तीव्रता साझा की। फिलहाल प्रभावित इलाके से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
सुबह भी महसूस किए गए थे भूकंप के झटके
चीन में गुरुवार को यह पहला भूकंप नहीं था। इससे पहले सुबह 6 बजकर 19 मिनट पर भी धरती हिली थी। उस समय भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4।4 दर्ज की गई थी। NCS के मुताबिक, सुबह आए भूकंप का केंद्र 32।592 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 94।291 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। इसकी गहराई जमीन के अंदर करीब 10 किलोमीटर थी। सुबह और रात के आंकड़ों को देखें तो दोनों भूकंपों की तीव्रता में अंतर रहा। सुबह जहां 4।4 तीव्रता के झटके महसूस किए गए, वहीं रात में इसकी तीव्रता बढ़कर 5।0 हो गई। इस तरह गुरुवार को चीन में कुछ घंटों के अंतराल पर दो बार भूकंप दर्ज किया गया।
भूकंप आने पर खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
भूकंप के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जोखिम बढ़ा सकती है। ऐसे में जरूरी है कि झटके महसूस होते ही घबराने के बजाय सुरक्षित रहने के तरीके अपनाएं।
मजबूत टेबल के नीचे लें शरण
अगर आप घर या किसी इमारत के अंदर हैं तो जमीन पर बैठकर किसी मजबूत मेज के नीचे छिप जाएं। अपने सिर और गर्दन को हाथों से ढककर रखें और झटके बंद होने तक वहीं रहें।
शीशे और भारी सामान से दूरी रखें
खिड़कियों, कांच के दरवाजों, अलमारियों और ऐसी दूसरी चीजों के पास न रहें, जो झटकों की वजह से गिर सकती हैं या टूट सकती हैं।
लिफ्ट का इस्तेमाल बिल्कुल न करें
भूकंप के समय लिफ्ट में फंसने का खतरा हो सकता है। झटके महसूस होने पर सीढ़ियों की तरफ भागने के बजाय सुरक्षित जगह पर रहें। कंपन रुकने के बाद सावधानी से बाहर निकलें।
बाहर हैं तो खुली जगह पर रहें
अगर आप किसी इमारत से बाहर हैं तो उससे दूर किसी खुले स्थान पर चले जाएं। पेड़, बिजली के खंभे और तारों के आसपास खड़े होने से बचें।
कार चला रहे हैं तो गाड़ी रोक दें
भूकंप के झटके महसूस होने पर धीरे-धीरे गाड़ी की रफ्तार कम करें और किसी सुरक्षित खुली जगह पर रुक जाएं। पुल, फ्लाईओवर और ऊंची इमारतों के नीचे गाड़ी खड़ी न करें