इधर भारत ने पाकिस्तान पर 'वॉटर प्रहार' करके मुश्किलें बढ़ाई तो वहीं दूसरी ओर चीन अब खुलकर पाकिस्तान की मदद कर रहा है, ऐसी खबर है कि भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच चीन ने एक बड़ी चाल चली है, दरअसल चीन ने पाकिस्तान में चल रहे अपने मो. डैम प्रोजेक्ट के काम को तेज कर दिया है. जिसके पूरा होने के बाद पाकिस्तान के पेशावर में 800 मेगावाट हाइड्रो पावर और 300 मिलियन गैलन पानी रोजाना मिलने की उम्मीद है. खबरों की मानें तो साल 2019 से चीन मोहम्मद डैम पर काम कर रहा है. लेकिन इस बीच आतंकियों को मारने के लिए भारत की तरफ से ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया गया और उसके पहले पाकिस्तान के साथ सिंधू जल संधि को रद्द कर दिया गया था. अब इसके बाद चीन ने पाकिस्तान की मदद के लिए अपने इस प्रोजेक्ट को बनाने का काम तेज कर दिया है.
मील का पत्थर साबित हो सकता है डैम प्रोजेक्ट !
ऐसा बताया जाता है कि इस डैम को चाइना एनर्जी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के जरिए बनवाया जा रहा है. इस डैम पर कंक्रीट डालने का काम शुरू हो चुका है. ये खबर पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार के बीजिंग दौरे से पहले सामने आई है. जहां वो चीन के विदेश मंत्री वांगई से मुलाकात करेंगे. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक यह एक अहम निर्माण मील का पत्थर है जो पाकिस्तान के लिए बीजिंग के नेशनल फ्लैगशिप प्रोजेक्ट में तेजी से विकास का दौर दिखाता है. चीन का मोहम्मद प्रोजेक्ट को तेज करने का ऐलान अपने पुराने दोस्त पाकिस्तान के साथ एकजुटता दिखाने का एक तरीका माना जा रहा है.
2027 तक डैम पूरा बनने की उम्मीद
आपको बता दें मोहम्मद डैम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनवा प्रांत में मोहम्मद जिले की स्वात नदी पर बन रहा है. ये एक खास तरह का कंक्रीट फेस्ड रॉक फील्ड डैम है जो बाढ़ रोकने, खेती के लिए पानी, पीने का पानी और बिजली पैदा करने का काम करेगा. ये दुनिया का पांचवा सबसे ऊंचा ऐसा डैम होगा, जिसकी ऊंचाई 700 फीट होगी. जब ये डैम शुरू होगा तो यह 800 मेगावाट बिजली बनाएगा और पेशावर को हर दिन 300 मिलियन गैलन पानी देगा. इसके साथ ही यह हजारों एकड़ खेती की जमीन को पानी देगा और नीचे के इलाकों को मौसमी बाढ़ से भी बचाएगा. पाकिस्तानी अखबार डॉन की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस डैम का काम साल 2027 तक कंप्लीट हो सकता है.