
बुलंदशहर में छोटी काशी अनूपशहर में बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गंगा मेले का भव्य आयोजन देखने को मिला है। हजारों की संख्या में श्रद्धालु दूर-दूर से पहुंचकर पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। गंगा स्नान करने के लिए जनपद ही नही गैर जनपद व अन्य राज्यो से भी श्रद्धालु स्नान करने के लिए। सूर्योदय से ही हर हर गंगे, नमामी गंगे के उद्घोष से अनूपशहर गुंजायमान हो गया।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे
गंगा स्नान को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। करीब 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरों के माध्यम से मेले की निगरानी की जा रही है। वहीं, गंगा घाटों पर गोताखोरों की टीमें भी तैनात हैं, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। भीड़ प्रबंधन के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मेले के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अलग-अलग मार्गों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान पुलिस प्रशासन के आलाधिकारी भी लगातार घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं।
परंपरा का प्रतीक
जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय और चिकित्सा की भी उचित व्यवस्था की गई है। भक्तों का कहना है कि छोटी काशी अनूपशहर का गंगा मेला धार्मिक आस्था और परंपरा का प्रतीक है, जहां हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और मां गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित करते हैं। गंगा तट पर “हर हर गंगे” और “जय मां गंगे” के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
साधु-संतों ने जमाया डेरा
छोटी काशी में दूर दराज से आये साधू सन्यासियों ने डेरा जमाया हुआ है। उनके शिविरों में बीते दो दिनों से ही धूनी रमाई हुई है। भोर होते ही सभी साधू सन्यासियों ने स्नान कर माँ गंगा को नमन किया। कार्तिक पूर्णिमा पर छोटी काशी में जनपद के आलाधिकारी के साथ डीएम एसएसपी भी मौके पर निरीक्षण करते दिखे। आस्था और श्रद्धा के पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अनूपशहर में गंगा स्नान मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया जा रहा है। मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित सम्पन्न कराए जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।
श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान
स्नान के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो इसके लिए घाट पर बैरिकेटिंग कराने के साथ ही गोताखोरों की तैनाती की गई है। साथ ही नाव से भी पुलिस टीम, गोताखोर द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है। डीएम श्रुति एवं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने गंगा मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए श्रद्धालुओं द्वारा गंगा स्नान करने के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नाव से भी भ्रमण करते हुए घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को देखा गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रमोद कुमार पांडेय, एसपी देहात डॉ तेजवीर सिंह, एएसपी ऋजुल, उप जिलाधिकारी अनूपशहर प्रियंका गोयल, सीओ रामकरण सिंह सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।