Abhijit Deepke Slapped Smidst: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के साथ जयपुर में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान हाथापाई की घटना सामने आई है। अभिजीत दीपके सोमवार को शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे, जहां शिक्षा व्यवस्था, NEET पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक युवक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया।
समर्थकों के बीच पहुंचते समय हुई घटना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अभिजीत दीपके अपने समर्थकों के साथ कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ लोग उनके करीब पहुंचे। तभी एक युवक ने अचानक उनके साथ हाथापाई कर दी। घटना के बाद वहां मौजूद समर्थकों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और युवक को पकड़ लिया। स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गई, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित कर लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल दिखाई दे रहा है। वीडियो में समर्थकों और अन्य लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी नजर आती है। हालांकि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामले को बढ़ने से रोक दिया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया।
यह भी देखेंःIMD Weather Update: देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं बारिश तो कहीं तेज हवाओं की चेतावनी
पुलिस ने युवक को लिया हिरासत में
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक घटना में शामिल युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसे विधायकपुरी थाने ले जाया गया, जहां पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना पूर्व नियोजित थी या फिर अचानक हुई प्रतिक्रिया का परिणाम थी।
शिक्षा और बेरोजगारी के मुद्दों पर था प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से यह प्रदर्शन शिक्षा व्यवस्था में सुधार, NEET पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था। प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी थी। पार्टी नेताओं ने इसे छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से जुड़े मुद्दों की आवाज बताया। घटना के बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और आयोजकों ने इसे शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की।