संसद के मानसून सत्र के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी। पार्टी के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। मुलाकात के बाद सौरभ दास ने कहा कि सरकार की ओर से आगे बातचीत का आश्वासन दिया गया है। वहीं प्रदर्शन के दौरान हिरासत और पुलिस कार्रवाई के दावों को लेकर भी सियासत तेज हो गई।
जेपी नड्डा से हुई मुलाकात
जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च के दौरान हुए प्रदर्शन के बीच CJP के प्रवक्ता सौरभ दास और आशुतोष रांका केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने पहुंचे। मुलाकात के बाद सौरभ दास ने सोशल मीडिया पर बताया कि करीब दो घंटे इंतजार के बाद उन्हें 10 मिनट का समय मिला। उन्होंने कहा कि पार्टी की सभी मांगें लिखित रूप में सौंप दी गई हैं और सरकार ने आगे बातचीत जारी रखने का आश्वासन दिया है।
हिरासत को लेकर किया दावा
सौरभ दास ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दिपके को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई और कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया। साथ ही उन्होंने सांसदों से छात्रों के समर्थन में आगे आने की अपील की।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
CJP लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है। प्रदर्शन के दौरान पार्टी नेताओं ने शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए अपनी मांगों पर सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। फिलहाल सरकार की ओर से केवल आगे बातचीत का आश्वासन मिलने की जानकारी सामने आई है।
प्रियंका गांधी ने भी उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चर्चा के लिए तैयार नहीं है और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए और उनकी समस्याओं पर संवाद होना आवश्यक है।