CJP Protest Impact: दिल्ली में शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन का हर ओर असर देखने को मिला। सीजेपी के प्रदर्शन और सुरक्षा पाबंदियों की वजह से दिल्ली के व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। चैंबर ऑफ ट्रेड इंडस्ट्री के अनुसार 10 अक्टूबर को हुए इस प्रदर्शन और सुरक्षा कारणों से की गई नाकेबंदी के चलते दिल्ली में करीब 2,000 करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हुआ है।
बाजारों में पसरा सन्नाटा
चांदनी चौक, सदर बाजार, कनॉट प्लेस, करोल बाग, चावड़ी बाजार, लाजपत राय मार्केट और खान मार्केट जैसे बड़े बाजार बंद रहे। सुरक्षा पाबंदियों और रास्ते बंद होने से होटल, रेस्तरां, सिनेमा हॉल और पेट्रोल पंपों का काम भी बुरी तरह प्रभावित रहा। दिल्ली के बाहर से रोजाना 3-4 लाख लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन वे सभी दिल्ली नहीं आ पाएं।
2000 करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित
नवरात्रि और रामलीलाओं की शुरुआत के साथ ही दिवाली के खरीदारी सीजन पर इस बंदी की वजह से तगड़ी मार पड़ी है। दिल्ली और देश में व्यापारियों और उद्यमियों के शीर्ष संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कहा है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में हुए धरने-प्रदर्शन के कारण दिल्ली में लगभग 2000 करोड़ रुपये व्यापार प्रभावित हुआ।
CJP को भेजा पत्र
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने CJP के अभिजीत दीपके समेत तमाम राजनीतिक दलों को पत्र भेजा है। CTI की ओर से पत्र में लिखा गया है कि दिवाली तक दिल्ली के प्रमुख बाजारों और व्यस्त इलाकों में कोई भी धरना प्रदर्शन न किया जाए। यह दिल्ली के 20 लाख व्यापारियों के लिए साल का सबसे बड़ा व्यापारिक सीजन होता है। धरना-प्रदर्शन की वजह से व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और प्रदर्शन लंबा चला तो लाखों व्यापारियों का कारोबार बर्बाद हो जाएगा।
CJP से किया अनुरोध
CTI ने CJP से अनुरोध किया है कि अगर प्रदर्शन करना ही है, तो दिल्ली में न करें। इसके बजाय किसी दूसरे शहर का चयन करें, ताकि व्यापारियों और आम जनता को नुकसान न हो।