.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D5fac662e-b60d-4e6b-98df-fc5c8fd8658c&w=3840&q=75)
Clash between BJP and Congress workers: पटना में शुक्रवार को कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बवाल हुआ। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी के विरोध में बीजेपी कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। इस दौरान कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पथराव किया, जबकि कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की कोशिश की। इस टकराव में कई लोग घायल हो गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
नेताओं के बयान से गरमाई सियासत
बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी मां का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी कार्यकर्ता शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन कांग्रेस की ओर से पत्थरबाजी की गई। वहीं, बीजेपी विधायक अरुण कुमार ने कहा कि हमले में कई कार्यकर्ताओं के सिर फूट गए हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए। दूसरी ओर, कांग्रेस नेता डॉ. आशुतोष ने पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी को इसका करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब सरकार की मिलीभगत से हो रहा है और पुलिस भी पक्षपाती रवैया अपना रही है।
यह भी देखेंःCloud Burst: रुद्रप्रयाग में कुदरत का कहर, बादल फटा और मलबे में समा गया पूरा गांव
पुलिस अलर्ट, पीएम मोदी को गाली देने वाला गिरफ्तार
झगड़े के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वाटर कैनन की गाड़ियां भी बुला ली गईं ताकि स्थिति को काबू में लाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस बीच, दरभंगा की घटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां को गाली देने वाले आरोपी रफीक उर्फ राजा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, जिससे बिहार की राजनीति और भी गरमा गई है।