
पानीपत की एक मस्जिद में नौ वर्ष के बच्चे को मौलवी ने इतनी बुरी तरह से पीटा कि उसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। बताया जा रहा है कि मौलवी ने बच्चे के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और लगातार 4 घंटे तक डंडे बरसाता रहा। बच्चे का कसूर सिर्फ इतना था कि वह एक दिन तालीम लेने के लिए मस्जिद नहीं आया था। बच्चा जब घर नहीं लौटा तो मां व मामा उसे ढूंढते हुए मस्जिद पहुंचे। वहां अन्य बच्चों से पूछा, लेकिन किसी को उसका पता नहीं था।
मौलवी मस्जिद से भाग चुका था
परिवार वाले मौलवी के कार्यालय में गए। बच्चे को बांधकर एक तरफ गिराया हुआ था। बच्चे के शरीर पर काफी चोट के निशान थे। मौलवी मस्जिद से भाग चुका था। इसके बाद बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
बच्चे की हालत खराब
पिता मोहम्मद अंसारी ने बताया कि वह जमींदार के पास ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। सोमवार शाम को उसके पास घर से फोन आया। जिन्होंने बताया कि बच्चे की हालत ज्यादा खराब है, उसे मस्जिद में इमाम ने डंडों से खूब पीटा है। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत घर पहुंचा। इसके बाद वे बच्चे की हालत को देखते हुए तुरंत सिविल अस्पताल लाए।
लगातार डंडों बरसाता रहा
9 साल के बेटे ने परिवार वालों को बताया कि वह रविवार को तालीम लेने मस्जिद नहीं गया था। जैसे ही वह सोमवार दोपहर 3 बजे मस्जिद पहुंचा, तो वहां मौजूद मौलवी ने उसे ये कहते हुए पीटना शुरू कर दिया कि वह कल क्यों नहीं आया था। बच्चे ने परिवार वालों को बताया कि इमाम ने उसे तब से लेकर शाम 7 बजे तक रस्सी से हाथ-पैर बांधे रखे। इसके बाद वह उसे लगातार डंडों से पीटता रहा। पिता ने बताया कि बच्चा यहां से पहले उत्तर प्रदेश में पढ़ता था। उसे 10 दिन पहले ही गांव से यहां लाए हैं। यहां वह पसीन गांव स्थित मस्जिद में तालीम के लिए जा रहा था।