
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए सरकार ने दीवाली के तुरंत बाद क्लाउड सीडिंग की तैयारी पूरी कर ली है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को कहा कि क्लाउड सीडिंग की सभी अनुमतियां मिल चुकी हैं और विमान में रेट्रो फिटिंग का काम पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि जैसे ही मौसम विभाग से अनुमति मिलती है, तीन घंटे के भीतर कृत्रिम वर्षा कराई जाएगी। सिरसा ने कहा कि पायलट ने पहले ही ट्रायल पूरा कर लिया है और उद्देश्य यह है कि दीवाली के बाद वायु गुणवत्ता में तेजी से सुधार हो।
ग्रीन पटाखों पर सरकार का सख्त रुख
सिरसा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दीपावली के दौरान सीमित समय के लिए केवल ग्रीन पटाखों की अनुमति दी है। 18 से 20 अक्टूबर के बीच सुबह 6 से 7 बजे और शाम 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चलाए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि एनआईआरआई और PESO द्वारा स्वीकृत पटाखों को ही दिल्ली में अनुमति दी जाएगी। मंत्री ने निर्माताओं को चेतावनी दी कि अगर नियमों का उल्लंघन हुआ तो सख्त कार्रवाई होगी। सरकार ने 14 से 25 अक्टूबर तक निगरानी शुरू कर दी है, जिसकी रिपोर्ट तैयार कर सुप्रीम कोर्ट में सौंपी जाएगी।
बैठकें और निगरानी जारी
सिरसा ने बताया कि सरकार नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए लगातार बैठकों का दौर चला रही है। बुधवार को निर्माताओं और खुदरा विक्रेताओं के साथ बैठक में उनसे अंडरटेकिंग ली जाएगी, ताकि केवल ग्रीन पटाखे ही बाजार में आएं। शाम को सभी विभागों की समन्वय बैठक भी होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पटाखे भी चलेंगे और हवा भी साफ रहेगी। सिरसा ने दावा किया कि भाजपा सरकार के आने के बाद दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार हुआ है और लोगों के सहयोग से अब राजधानी में “सबसे साफ दिन” दर्ज हो रहे हैं।