नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस और उसके नेताओं पर करारा हमला बोला है। उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे भगवान श्रीकृष्ण ने शिशुपाल की 100वीं गलती पर सुदर्शन चक्र का प्रयोग किया था, वैसे ही लोकतंत्र में जनता के पास चुनाव आयोग का बटन ‘सुदर्शन चक्र’ की तरह है। उन्होंने बिहार के मतदाताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की गाली-गलौज वाली राजनीति को जवाब देने के लिए EVM का बटन दबाएं।
कांग्रेस को हराने की अपील
टीवी कार्यक्रम में सवालों का जवाब देते हुए CM मोहन यादव ने कहा कि लोकतंत्र में किसी को मारना नहीं पड़ता, बल्कि जनता हार दिलाकर जवाब देती है। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार की जनता कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को नकार देगी।
भागलपुर घटना की निंदा
भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत माता के खिलाफ लगे आपत्तिजनक नारों को लेकर CM यादव ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि दिवंगत माता के लिए गाली देना मानसिक दिवालियापन है और इस पर कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।
"हम तो बल्ब हैं…"
कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश प्रशासनिक दृष्टि से शीर्ष राज्यों में शामिल है। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “हम तो बल्ब हैं, पार्टी ने बटन दबाया तो चालू हो गए। पार्टी ने CM बनाया तो हम बन गए।”
राहुल गांधी पर सीधा वार
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राहुल गांधी की सोच को अर्बन नक्सल मानसिकता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग और सेना पर सवाल उठाकर देश की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक पर सबूत मांगने को उन्होंने राष्ट्रविरोधी बयान बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार रसातल की ओर बढ़ रही है और जनता आने वाले चुनावों में इसका जवाब जरूर देगी।