79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाल परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता के जिक्र से की। सीएम ने कहा कि जो जैसा करता है, उसे वैसा ही जवाब दिया जाता है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत के महत्व पर जोर देते हुए सभी से स्वदेशी को बढ़ावा देने की अपील की।
ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता
सीएम मोहन यादव ने गर्व के साथ कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में मिली सफलता हमारे देश की सामरिक क्षमता और नेतृत्व की जीत है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की रणनीतिक सोच और मजबूत निर्णय क्षमता का परिणाम बताया। उनका कहना था कि देश अब किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी पर फोकस
मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत को प्रदेश की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि वैश्विक पहचान के लिए स्वदेशी को अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रदेश का बजट दोगुना करने के लक्ष्य की घोषणा की और कहा कि गरीब, किसान, महिला और युवा कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई क्षेत्रों में भारत का नाम विश्व पटल पर और ऊंचा होगा।
समावेशी विकास का संकल्प
सीएम ने कहा कि प्रदेश का विकास सभी वर्गों की भागीदारी से संभव है। उन्होंने युवाओं को नवाचार, कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनके अनुसार, सामूहिक प्रयास से ही एक सशक्त और आत्मनिर्भर प्रदेश का निर्माण होगा।