मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पार्लियामेंट हाउस में मुलाकात की। इस दौरान सीएम ने पीएम को प्रदेश की विकास योजनाओं की जानकारी दी और आगामी ऐतिहासिक आयोजनों में शामिल होने के लिए आमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि राज्य में औद्योगिकरण तेजी से बढ़ रहा है और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में बड़े कदम उठाए जा रहे हैं।
पीएम को दिया प्रदेश आने का आमंत्रण
मुलाकात के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री को प्रदेश में होने वाले ऐतिहासिक आयोजनों के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वंदे भारत और मेट्रो कोच निर्माण फैक्ट्री की स्थापना हो रही है। जल्द ही भोपाल में मेट्रो ट्रेन का संचालन भी शुरू होने वाला है। किसानों के हित में एक बड़े सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वदेशी अभियान को आत्मसात करते हुए प्रदेश आत्मनिर्भर भारत की तर्ज पर आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रहा है। हाल के वर्षों में औद्योगिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं और प्रदेश की उत्पादन क्षमता को गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश
सीएम ने जानकारी दी कि प्रदेश में औद्योगिकरण को बढ़ावा देने के लिए पिछले डेढ़ साल से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अब तक 30 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू किए जा चुके हैं। इन निवेशों से लगभग 21 लाख लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
विकास की निरंतर राह
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार लगातार विकास की दिशा में काम कर रही है। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का लक्ष्य सिर्फ उद्योग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसानों, युवाओं और आम नागरिकों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।